Echo

केंद्र सरकार ने हिमाचल को आपदा के 9000 करोड़ नहीं दिएः राहुल

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने आज सिरमौर जिला के नाहन में एक विशाल जनसभा में केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमले किए। राहुल गांधी ने कहा कि आपदा के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल की कोई मदद नहीं की। प्रदेश में आपदा से 22 हजार परिवार प्रभावित हुए और केंद्र सरकार ने कुछ नहीं दिया। नुकसान से 9000 करोड़ रुपए भी अभी तक केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को नहीं दिए। उन्होंने कहा कि सेब स्टोरेज का सारी फैसिलिटी एक आदमी को दे दी गई है और वह सेब के दाम को कंट्रोल कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र देश के 20-25 लोगों के लिए काम कर रहे हैं। देश के सात एयरपोर्ट अडानी की कंपनी को दे दिए गए हैं और हथियार बनाने का काम भी अडानी की कंपनी कर रही है। पूरा देश जानता है कि जब तक मोदी सत्ता में है तब तक अडानी की कंपनी मुनाफा कमाएगी। 
 
 
10 सालों में उद्योगपतियों के 16 लाख करोड़ माफ किए
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री देश के मात्र 22 लोगों को करोड़पति बनाने के लिए काम कर रहे हैं। पिछले दस वर्षों में उनका 16 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया गया है,  जबकि किसान का कर्ज माफ नहीं किया गया। देश में सिर्फ 22 लोगों के सपने पूरे हो रहे हैं और बाक़ी का देश देखता रह जाता है। भाजपा सरकार ने नोटबंदी कर करोड़ों छोटे कारोबारियों को बर्बाद कर दिया और ग़लत जीएसटी लागू किया। 
 
 
हर गरीब महिला के खाते में डालेंगे 1 लाख रुपए
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के करोड़ों लोगों को लखपति बनाने जा रही है। कांग्रेस पार्टी के सत्ता में आने पर हर गरीब महिला के खाते में एक साल में एक लाख रुपए डाले जाएंगे। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी दी जाएगी। सरकारी क्षेत्र में 30 लाख नौकरियां देंगे और मनरेगा की दिहाड़ी बढ़ाकर 400 रुपए करेंगे। इसके साथ ही ग्रेजुएट युवाओं को पहली नौकरी पक्की का अधिकार देंगे, जिसके तहत सरकारी कंपनियों, संस्थानों में उन्हें रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा। किसानों का कर्ज माफ करने के साथ-साथ आंगनबाड़ी में काम करने वाली महिलाओं और आशा कार्यकर्ताओं की आय दोगुनी करेंगे। उन्होंने कहा कि यह फ्री गिफ्ट नहीं है, बल्कि लोगों का अधिकार है, जिसे केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद दिया जाएगा। 
 राहुल गांधी ने  कहा कि संविधान भारत की आवाज़ है और भाजपा उस संविधान पर हमला कर रही है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूती के साथ भाजपा के खिलाफ लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि संविधान कोई मामूली किताब नहीं है, बल्कि इसकी सोच हज़ारों साल पुरानी है और यह किताब देश की आवाज़ है। 
............



Share:
Share:
Comment
Leave A Comment