अनुराग ठाकुर प्रधानमंत्री के नवरत्नों में से एकः योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज हमीरपुर में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के समर्थन में चुनावी सभा की। योगी आदित्यनाथ ने अनुराग ठाकुर की जमकर तारीफ की।
मुख्यमंत्री योगी ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के पक्ष में प्रचार करते हुए कहा कि अनुराग प्रधानमंत्री के नवरत्नों में से एक है और प्रधानमंत्री मोदी की कैबिनेट का एक स्मार्ट चेहरा जो वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, कैबिनेट मंत्री पीयूष गोयल की बराबरी का गिना जाता है। अनुराग ठाकुर विकास की एक-एक योजना को देश को बताने का कार्य करते है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी सरकार ने काशी और अयोध्या का काम तो पूरा कर दिया है अब हम मथुरा की ओर बढ़ गए हैं. ये चुनाव राम भक्तों और राम द्रोहियों के बीच में है। राम द्रोही, आतंकवादी,विकास को बाधित करने वाले और भारत को अपमानित करने वाले इंडी गठबंधन के लोग हैं।
10 साल में हमने बदलते हुए भारत को देखा
मुख्यमंत्री योगी ने कहा 10 साल में हमने बदलते हुए भारत को देखा है। हमने दुनिया में नई पहचान बनाई है। दुनिया में कहीं संकट आता है तो वह भारत की ओर देखती है। आज सीमाओं पर घुसपैठ नहीं होती। कांग्रेस और सपा राज में आतंकी विस्फोट होते थे। आज सब समाप्त हो चुका है, एक पटाखा भी फट जाए तो पाकिस्तान सफाई देने लगता है, उसे पता है कि उसका नाम आ गया तो उसका काम तमाम होना तय है। उन्होंने कहा कि औरंगजेब की आत्मा समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में घुस गई है। औरंगजेब को फिर से जिंदा नहीं होने देना है और इसलिए आपके पास आया हूं ।
भारत की आत्मा के साथ कर रहे खिलवाड़
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा ये जितने भी कांग्रेसी, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाजवादी पार्टी के लोग हैं, ये भारत के मूल्य एवं आदर्शों के विरुद्ध आचरण कर रहे हैं। भारत की आत्मा के साथ खिलवाड़ कर रहे है। भारत की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे है। उन्होंने कहा कि अगर विपक्षी गठबंधन इंडिया सत्ता में आता है तो वह तालिबानी शासन, जजिया कर थोपेगा।
कंगना की तुलना रानी लक्ष्मीबाई से की
कुल्लू में जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कंगना की जमकर तारीफ़ की। योगी ने उनकी तुलना मीराबाई से लेकर रानी पद्मिनी और रानी लक्ष्मीबाई से करते हुए कहा कि कंगना रनौत में मीराबाई के जैसी भक्ति है, उनमें महारानी पद्मिनी का तेज है और विरोधियों से जूझने के लिए रानी लक्ष्मीबाई जैसा शौर्य और वीरांगना का भाव भी हैं। आपने देखा होगा कैसे इन्होंने मुंबई में उद्धव ठाकरे और कांग्रेस की सरकार को सड़कों पर नाकों चने चबाए थे।
Leave A Comment