कांग्रेस संगठन में नए ऊर्जावान व ग्रासरूट से जुड़े लोगों को आगे लाया जाएगाः चेतन चौहान
हिमाचल में कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर कवायद शुरू हो गई है। केंद्रीय हाईतकमान की ओर से नियुक्त अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारियों विदित चौधरी व चेतन चौहान ने इसको लेकर आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एक बैठक की। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर कौल सिंह व कुलदीप कुमार के अतिरिक्त शिमला संसदीय क्षेत्र के पर्यवेक्षक ओम वीर यादव व कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के प्रभारी शांतनु चौहान भी उपस्थित थे।
इस मौके पर चेतन चौहान ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही कार्यकारणी घोषित कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन में इस बार नए ऊर्जावान व ग्रासरूट से जुड़े लोगों को आगे लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी कारण प्रदेश के सभी जिलों में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने अपने पर्यवेक्षक नियुक्त किये है जो पार्टी के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं से उनके क्षेत्रों में जाकर बातचीत करेगी।
अबकी बार कांग्रेस संगठन नए स्वरूप में नजर आएगाः विदित चौधरी
विदित चौधरी ने कहा कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस संगठन नए स्वरूप में नज़र आएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश में संगठन के गठन को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने आज यहां अपने दो सचिवों विदित चौधरी व नितिन चौहान को यहां भेजा है। उन्होंने कहा कि इन दोनों सचिवों के साथ संगठन के गठन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है।
पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार का दो साल का कार्यकाल बेहतर रहा है। आपदा के बावजूद भी प्रदेश सरकार ने जिस प्रकार से अपने सीमित संसाधनों से लोगों को राहत प्रदान की वह अपने आप मे बहुत ही उल्लेखनीय है।
इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिवों से कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार,पूर्व सीपीएस संजय अवस्थी,विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार,उप सचेतक केवल पठानिया,वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, विधायक सुरेश कुमार, मलेंद्र राजन,पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर के अतिरिक्त पवन ठाकुर,चेतराम ठाकुर, विवेक कुमार, नरेश कुमार, करनेश जंग, सुरेंद्र पाल, सोहन लाल ठाकुर, डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, बम्बर ठाकुर, दयाल प्यारी सहित अन्य नेताओं ने भेंट की।
Leave A Comment