Echo

केंद्रीय वित्तमंत्री ने पेश किया बजट ,सीएम सुक्खू, जयराम ,प्रतिभा और बिंदल क्या बोले यहां जानिए

शिमला :-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने अपने तीसरे कार्यकाल का दूसरा बजट आज केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण प्रस्तुत किया है देशभर में केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत बजट पर चर्चा हो रही है। अर्थशास्त्री , राजनेता व समाज के अलग अलग वर्ग इस बजट पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।हिमाचल प्रदेश में भी मुख्यमंत्री ,नेता प्रतिपक्ष व राजनीतिक दलों के नेताओ ने प्रतिक्रिया दी है।

असमानता को प्रदर्शित कर रहा बजट- सीएम सुक्खू

केंद्रीय बजट पर मुख्यमंत्री  सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि यह बजट असमानता को प्रदर्शित कर रहा है और बजट का एक बड़ा हिस्सा बिहार राज्य पर केन्द्रित है। उन्होंने कहा कि इस बजट में कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों की ओर ध्यान नहीं दिया गया है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों का और यहां की जनसंख्याओं की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए तत्काल संशोधन करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट देश के महत्वपूर्ण मामलों जैसे बेरोजगारी, गरीबी  और बढ़ती मंहगाई को संबोधित करने की दिशा में असफल रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सेब उत्पादक राज्य की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। इस वर्ग से संबंधित वित्तीय बाधाओं और उनसे संबंधित मुश्किलों को कम करने के लिए सेब के आयात शुल्क में वृद्धि करने के लिए कोई उपाय नहीं किया गया है जिससे प्रदेश के बागवानों को राहत मिलती।

बजट ने श्रेष्ठ बजट का मार्ग किया प्रशस्त:- जयराम

वहीं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने बजट-2025-26 प्रस्तुत कर विकसित, आत्मनिर्भर एवं हर क्षेत्र में श्रेष्ठ भारत का मार्ग प्रशस्त किया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण  द्वारा पेश किए गए बजट में किसान, गरीब, ग्रामीण, मध्यम वर्ग, महिला और बच्चों की शिक्षा, पोषण व स्वास्थ्य से लेकर स्टार्ट अप, नवाचार, निवेश सहित हर वर्ग एवं क्षेत्र के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। इस दूरदर्शी, सराहनीय एवं स्वागत योग्य बजट प्रस्तुत करने के निए प्रधानमंत्री, केंद्रीय वित्त मंत्रीएवं केंद्र सरकार का देवभूमि हिमाचल की ओर से हार्दिक आभार-अभिनंदन है।

चुनावों से प्रेरित है बजट :-प्रतिभा

वहीं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी बजट को अपेक्षाओं के विपरीत बताया है और कहा कि बजट राजनीतिक लाभ के मकसद से पेश किया गया है। हिमाचल को आपदा के विशेष राहत पैकेज की उम्मीद थी जो पूरी नहीं हुई। बिहार और आंध्र प्रदेश में ही बजट में फोकस किया गया है। किसान आंदोलन कर रहे हैं और बजट से किसानों को उम्मीदें थी लेकिन बजट से निराशा ही मिली है।

बजट में सभी वर्गों का रखा गया ध्यान :- बिंदल

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था सभी प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है । पिछले 10 वर्षों में, मोदी सरकार के विकास ट्रैक रिकॉर्ड और संरचनात्मक सुधारों ने महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय ध्यान आकर्षित किया है। इस सरकार के पहले दो कार्यकालों के दौरान किए गए परिवर्तनकारी कार्य एक मार्गदर्शक के रूप में कार्य करते हैं, जिससे यह सरकार दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने में सक्षम हुई है। युवा ,अन्नदाता और नारी, गरीब, युवा, किसान, महिला पर ध्यान केंद्रित करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में विकास के उपाय प्रस्तावित किए गए हैं।

Share:
Share:
Comment
Leave A Comment