Echo

पूर्व मंत्री किशन कपूर का निधन, कल धर्मशाला में होगा अंतिम संस्कार

पूर्व मंत्री किशन कपूर का निधन हो गया। वे 73 वर्ष के थे और पिछले काफी समय से बीमार थे, उन्होंने पीजीआई चंडीगढ़ में अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार कल उनके पैतृक गांव धर्मशाला में होगा। 
किशन कपूर  1970 में जनसंघ के सदस्य बने और 1980 में भारतीय जनता पार्टी के गठन के बाद 1982 में धर्मशाला मण्डल के अध्यक्ष बने, 1990 में वह पहली बार विधायक बने और 1993 में दूसरी बार विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए। वे विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक रहे तथा 1995-97 तक वे जिला कांगड़ा के अध्यक्ष भी रहे। किशन कपूर जी का परिवहन एवं कानून मंत्री तथा खाद्य आपूर्ति एवं शहरी विकास मंत्री के रूप में प्रदेश के विकास कार्यो में अहम योगदान रहा है। 2019 में हुए लोकसभा चुनावों में किशन कपूर जी ने कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और देशभर में रिकार्ड  मार्जिन से जीत दर्ज की थी। 

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री  सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पूर्व मंत्री किशन कपूर के निधन पर शोक व्यक्त किया है।  राज्यपाल ने कहा कि किशन कपूर जन समर्पित नेता थे और उन्होंने प्रदेश के लोगों के कल्याण और प्रगति में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास और जन कल्याण के लिए किशन कपूर ने बहुमूल्य योगदान दिया है। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र और कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए किए गए उनके कार्यों को सदैव याद रखा जाएगा। सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। 


भाजपा नेताओं ने पूर्व मंत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया
भाजपा  राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा डा0 राजीव बिन्दल, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश सह-प्रभारी संजय टण्डन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सर्वश्री महेश्वर सिंह, सुरेश चंदेल, सुरेश भारद्वाज, सतपाल सिंह सत्ती, सुरेश कश्यप, राज्यसभा सांसद सुश्री इंदु गोस्वामी, डा सिकंदर कुमार, हर्ष महाजन, लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर, डा राजीव भारद्वाज, सुश्री कंगना रणौत, कांगड़ा संसदीय क्षेत्र प्रभारी एवं विधायक विपिन परमार, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र प्रभारी एवं विधायक विक्रम ठाकुर, मण्डी संसदीय क्षेत्र प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष गोविन्द ठाकुर, शिमला संसदीय क्षेत्र प्रभारी एवं विधायक सुखराम चैधरी, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर, बिहारी लाल शर्मा ने भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद किशन कपूर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि किशन कपूर एक मधुरभाषी, मिलनसार और एक दूरदर्शी नेता थे। उनसे उनका आत्मीयता का नाता रहा है और विधानसभा में उनके साथ उन्हें काम करने का सुअवसर भी मिला था। उन्होंने किशन कपूर के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते हुए इसे एक अपूर्णीय क्षति बताया है।
भाजपा नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की है।


Share:
Share:
Comment
Leave A Comment