शिमला के बिथल में दर्दनाक हादसा , 2 महिलाओं की मौत ,15 घायल
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश और भूस्खलन से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। बुधवार, 3 सितंबर को शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में बड़ा हादसा हो गया। बिथल काली मिट्टी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर अचानक पहाड़ से भारी चट्टानें गिर पड़ीं। इस दौरान वहां से गुजर रही एक निजी बस इसकी चपेट में आ गई। चट्टान बस की छत तोड़ते हुए सीधे अंदर घुस गई, जिससे बस का बड़ा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
2 महिलाओं की मौत, 15 यात्री घायल
हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। मृतकों में एक महिला की पहचान लक्ष्मी विरानी (जलगांव, महाराष्ट्र) के रूप में हुई है, जबकि दूसरी महिला नेपाली मूल की थी। तीन यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को रामपुर के खनेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौत बनकर गिरी चट्टानें
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा दोपहर के समय हुआ। अचानक दरकी चट्टानें बस की छत तोड़कर भीतर घुस गईं और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और अन्य वाहन चालकों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से इस क्षेत्र में लगातार भूस्खलन हो रहा था, फिर भी यात्रियों को कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।
NH-5 पर लंबा जाम
भारी भूस्खलन के कारण एनएच-5 पर लंबा जाम लग गया और यातायात ठप हो गया। SDO प्रदीप कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि जेसीबी मशीनों से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया है, लेकिन फिलहाल इस क्षेत्र में यात्रा करना बेहद खतरनाक है।
Leave A Comment