एक्ट्रेस प्रीति जिंटा आपदा प्रभावितों की मदद को आगे आईं, 30 लाख दिए
हिमाचल में मानसून की बारिश से जानमाल का भारी नुकसान हुआ है। सरकार के साथ कई संस्थाएं भी आपदा प्रभावितों की मदद को आगे आ रही हैं। इस बीच हिमाचल की बेटी और एक्ट्रेस प्रीति जिंटा ने भी आपदा प्रभावितों की मदद को हाथ बढ़ाए हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रभावितों की मदद के लिए 30 लाख रुपए का अंशदान दिया है। प्रीति जिंटा ने यह आर्थिक मदद किंग्स-XI पंजाब की ओर से दी है। यह राशि शिमला की Almighty Blessings संस्था को ट्रांसफर की गई है। संस्था के संस्थापक सरबजीत सिंह बॉबी ने बताया कि औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बीते शनिवार को यह राशि संस्था के खाते में आ गई।
उन्होंने कहा कि संस्था इस राशि का उपयोग कुल्लू और मंडी के आपदा प्रभावितों की सहायता में करेगी। प्रभावित परिवारों को आर्थिक मदद पहुँचाने की योजना पर काम चल रहा है। सरबजीत सिंह बॉबी ने इस सहयोग के लिए प्रीति जिंटा का आभार जताया और कहा कि उनका परिवार समय-समय पर सेवा के कार्यों में जुड़ा रहता है।
रोहड़ू से सबंध रखती हैं प्रीति जिंटा
प्रीति जिंटा हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू से संबंध रखती हैं। उन्होंने शिमला से ही कॉलेज तक की पढ़ाई पूरी की और समय-समय पर शिमला व रोहड़ू आती रही हैं। उन्होंने 2016 में अमेरिका निवासी जीन गुडइनफ से शादी की।
हिमाचल में आपदा प्रभावितों की मदद से पहले प्रीति जिंटा ने पहलगाम आतंकी हमले के शहीदों के परिवारों को 1 करोड़ रुपए दान किए थे। यह राशि Army Wives Welfare Association को दी गई थी ताकि वीर नारियों और बच्चों की मदद हो सके। इसी तरह, वह पहले भी पंजाब के आपदा प्रभावितों को लगभग 33 लाख रुपए की सहायता राशि दे चुकी हैं।
Almighty Blessings संस्था ने पूर्व में भी मंडी ज़िले के सराज क्षेत्र के आपदा प्रभावित परिवारों को 25-25 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी थी। इसके अतिरिक्त यह संस्था IGMC शिमला में लगातार लंगर चलाती है और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा सक्रिय रहती है।
Leave A Comment