सीएम सुक्खू बोले, बदनाम करने की साजिश के तहत नारेबाजी कर वीडियो वायरल किया
अर्की के दाड़लाघाट में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के कार्यक्रम के दौरान हुई नारेबाजी से प्रदेश की सियासत गरमा गई है। एक ओर जहां पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की है, वहीं विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने इस घटना को सोची-समझी साजिश बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें बदनाम करने के लिए एबीवीपी ने पूरी प्लानिंग के साथ नारेबाजी की, ताकि इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी का बालूगंज में एक सेल संचालित है, जहां उन्हें बदनाम करने की रणनीतियां बनाई जाती हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम पूरी तरह सरकारी था और कार्यक्रम स्थल से करीब 100 मीटर दूर भोजन की व्यवस्था की गई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एफआईआर अनजान लोगों के खिलाफ दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम किसानों और पशुपालकों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था, जिसमें लगभग 15 हजार महिलाएं शामिल हुईं। भाजपा किसान, बागवान और पशुपालक विरोधी पार्टी है और उसे इस तरह की हरकतें नहीं करनी चाहिए।
Leave A Comment