Echo

मुख्यमंत्री बोले, बस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को सरकार देगी चार-चार लाख



मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बिलासपुर में बीती रात हुए दर्दनाक बस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि हादसे में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने  कहा कि हादसे की सूचना मिलते ही उन्होंने कुल्लू दशहरे में मौजूद उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से बात की, जो तत्परता से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। वहीं, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी भी दिल्ली जाने के कार्यक्रम को रद्द कर तुरंत वापस लौट आए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पोकलेन और जेसीबी मशीनें लगाई गईं। अब तक 16 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, हादसे में एक बेटा और बेटी जीवित बचा लिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार अक्टूबर माह में असामान्य रूप से भारी बारिश हुई है, जिससे मिट्टी कमजोर पड़ गई और यह हादसा हुआ। सामान्य परिस्थितियों में इस महीने भूस्खलन नहीं होता। उन्होंने बताया कि इस बरसात और उसके बाद राज्य को अब तक लगभग सात हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।


Share:
Share:
Comment
Leave A Comment