Echo

सोलन के वाकनाघाट में 650 बीघा में बनेगी साइबर सिटी



प्रदेश सरकार जिला सोलन के वाकनाघाट में 650 बीघा क्षेत्र में साइबर सिटी स्थापित करने की योजना बना रही है। इस साइबर सिटी में डेटा स्टोरेज, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अन्य सूचना प्रौद्योगिकी आधारित उद्योग कार्यशील होंगे।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस विभाग की उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए परियोजना से जुड़े विस्तृत ब्लू प्रिंट शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी प्रदेश का प्रमुख क्षेत्र है और हिमाचल सरकार इसे प्रोत्साहित करने तथा आईटी अधोसंरचना में निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी कदम उठा रही है।

 
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रयोगशाला और निर्माण कार्य में तेजी
मुख्यमंत्री ने वाकनाघाट में बन रहे इस केंद्र की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और इसमें एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रयोगशाला स्थापित करने के निर्देश दिए।  साथ ही, उन्होंने जिला कांगड़ा के चैतड़ू और जिला शिमला के मैहली में बन रहे आईटी पार्क का निर्माण दिसंबर 2025 तक पूरा करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए।

 
सभी विभागों के लिए डिजिटाइजेशन जरूरी
डिजिटल सेवाओं की महत्ता पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभागों को अपने कार्यों को डिजिटाइज करना चाहिए, ताकि नागरिक हितैषी सेवाएं सीधे लोगों तक पहुँच सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली को अपनाकर कार्यालयों में पारदर्शिता बढ़ाई जाए और कार्य और प्रभावी बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों को ई-फाइल प्रबंधन और नवीन प्रौद्योगिकी में दक्ष बनाने के लिए कार्यशालाओं का आयोजन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि हर विभाग में नोडल अधिकारी तैनात किए जाएँ, ताकि घोषणाओं की प्रगति की ऑनलाइन निगरानी की जा सके।
सचिवालय के सभी अधिकारियों को बायोमेट्रिक के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार) गोकुल बुटेल, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, सचिव सूचना प्रौद्योगिकी आशीष सिंहमार, निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी डॉ. निपुण जिन्दल, आयुक्त श्रम एवं रोजगार वीरेन्द्र शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।




 

Share:
Share:
Comment
Leave A Comment