सोनिया गांधी ने स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का किया अनावरण
समारोह में प्रियंका गांधी, सीएम सुक्खू सहित कई नेता रहे मौजूद
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का आज शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अनावरण किया। समारोह में सोनिया गांधी ने रिमोट का बटन दबाकर प्रतिमा के सामने से पर्दा हटाया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल, वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर राजनीति करने का लगाया आरोप
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हाल ही में आई भारी बारिश और भूस्खलन से हिमाचल में भीषण तबाही हुई, लोगों के घर और खेत बह गए, लेकिन केंद्र सरकार ने अब तक राज्य को कोई आर्थिक मदद नहीं दी।
प्रियंका गांधी ने कहा कि आपदा के समय में केंद्र ने हिमाचल की पीड़ा की अनदेखी कर राजनीति की। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे महात्मा गांधी और स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के दिखाए मार्ग पर चलें और सादगी, सेवा व सत्य के मूल्यों को जीवन में अपनाएं।
प्रियंका गांधी ने सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पीठ थपथपाई
प्रियंका गांधी ने स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वे कभी महसूस नहीं होने देते थे कि वे मुख्यमंत्री और राजा हैं। उनका जीवन कांग्रेस की असली परंपरा—सेवा, सादगी और जनसंपर्क—का जीवंत उदाहरण था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की तारीफ करते हुए कहा कि वे भी उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू ने सादगी और
ईमानदारी को अपना जीवन मंत्र बनाया है, यही कांग्रेस की पहचान है। हालांकि सोनिया गांधी ने कार्यक्रम में संबोधन नहीं किया, लेकिन उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया। पिछले कुछ वर्षों से सार्वजनिक आयोजनों में दूर रही सोनिया गांधी ने इस मौके पर हिमाचल और वीरभद्र सिंह के प्रति अपने गहरे स्नेह और सम्मान को दर्शाया।
गांधी परिवार का हिमाचल से आत्मीय रिश्ता : सुक्खू
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने संबोधन में कहा कि गांधी परिवार का हिमाचल से भावनात्मक जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने हिमाचल में अपना घर बनाकर इस प्रदेश से अपने रिश्ते को और मजबूत किया है, जिससे राज्य में पर्यटन को भी नया प्रोत्साहन मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल के विकास में गांधी परिवार और स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का बहुत बड़ा योगदान।
Leave A Comment