संजौली मस्जिद विवादः हिंदू संगठनों ने शव यात्रा निकाली, पुतला फूंका
राजधानी शिमला की विवादित संजौली मस्जिद का बिजली पानी न काटे जाने पर हिंदू संघर्ष समिति भड़क गई है। संघर्ष समिति ने संजौली में सरकार की शव यात्रा निकाली और पुतला भी फूंका। हिंदू संघर्ष समिति के लोग संजौली में बीते 12 दिनों से अनशन पर बैठे हैं। हिंदू संघर्ष समिति ने प्रशासन की ओर से लिखित निमंत्रण नहीं मिलने पर बैठक का भी बहिष्कार किया। हिंदू संघर्ष समिति ने आंदोलन उग्र करने की चेतावनी दी है।
हिंदू संघर्ष समिति ने संजौली चौक पर शव यात्रा निकालकर रोष जाहिर किया। संघर्ष समिति के पदाधिकारी विजय शर्मा ने कहा कि प्रशासन की ओर से बैठक के लिए उनको आधिकारिक निमंत्रण दिया जाना चाहिए था। लेकिन प्रशासन ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने प्रशासन पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि आधिकारिक निमंत्रण न मिलने की वजह से समिति ने बैठक का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। संघर्ष समिति अब बैठक कर आंदोलन की आगामी रूपरेखा तय करेगी।
इससे पहले बीते शुक्रवार को संजौली पुलिस थाने के बाहर बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया था और करीब 10 मिनट तक चक्का जाम भी किया था। इसके बाद मौके पर पहुंचे प्रशासन ने संघर्ष समिति की मांगों को पूरा करने का भरोसा दिया और 29 अगस्त को प्रशासन के साथ बैठक तय की। मगर आज सुबह तक संघर्ष समिति को प्रशासन की तरफ से लिखित न्योता नहीं दिया गया। इस पर समिति अब भड़क गई है। समिति अब आंदोलन की अगली रणनीति तैयार करेगी।
बता दें कि नगर निगम ने सरकारी जमीन पर बनी मस्जिद को गिराने के आदेश दिए थे जिसके खिलाफ संबंधित पक्ष की ओर से जिला अदालत में याचिका दायर की गई थी। लेकिन जिला अदालत ने इस याचिका को खारिज कर दिया। हालांकि इस बीच वक्फ बोर्ड ने इस फैसले को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। वक्फ बोर्ड ने शिमला नगर निगम आयुक्त और जिला अदालत के मस्जिद गिराने के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दे दी है। हाईकोर्ट अब इस याचिका की मैंटेनेबिलिटी पर सोमवार को फैसला दे सकता है।
Leave A Comment