Echo

विनय कुमार ने संभाला हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष का पद



मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की उपस्थिति में आज हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नव–नियुक्त अध्यक्ष विनय कुमार ने विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि कांग्रेसी संगठन में आज से एक नए युग का सूत्रपात हुआ है, क्योंकि पहली बार युवा पीढ़ी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कमान संभाली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत जल्द नई कार्यकारिणी गठित होगी, जो कांग्रेस को पुनः सत्ता में लाने में निर्णायक भूमिका निभाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार संगठन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डेढ़ वर्ष पूर्व भाजपा ने लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास किया, लेकिन प्रदेश की जनता ने उन्हें सख्त जवाब दिया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य हिमाचल को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। वित्तीय अनुशासन स्थापित किया गया है और राज्य की अर्थव्यवस्था लगातार सुधर रही है। सरकार हर वर्ग के समान और संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है।


संगठन पुनः कांग्रेस सरकार लाने में निभाएगा अहम भूमिका: प्रभारी रजनी पाटिल
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने नव–नियुक्त अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन की भूमिका आने वाले समय में और महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में राज्य को नई दिशा मिली है, और सरकार की नई पहलों की सराहना हर स्तर पर हो रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस पुनः सत्ता में आएगी।
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि संगठन की नई टीम मिशन रिपीट को मजबूत करेगी। पार्टी कार्यकर्त्ता सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएंगे।


 
जिम्मेदारी निष्ठा से निभाऊंगा:  विनय कुमार
नव–नियुक्त अध्यक्ष विनय कुमार ने केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे और संगठन को मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी, और संगठन हर चुनौती का मजबूती से सामना करेगा। निवर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह ने भी अपने संबोधन में आशा व्यक्त की कि संगठन में महिलाओं को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलेंगे और उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। इस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, आयुष मंत्री यादवेन्द्र गोमा, विधायकगण, महापौर सुरेन्द्र चौहान, पार्टी सह–प्रभारी विदित चौधरी एवं चेतन चौहान, एआईसीसी सचिव सुरेन्द्र शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, ओएसडी रितेश कपरेट, निगम–बोर्डों के अध्यक्ष–उपाध्यक्ष, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक तथा अग्रणी संगठन के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





Share:
Share:
Comment
Leave A Comment