Echo

चिट्टा तस्करों की सूचना देने वालों को मिलेगा इनाम, सीएम सुक्खू का ऐलान



मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिला के धर्मशाला में एंटी-चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन का नेतृत्व किया। यह वॉकथॉन दाड़ी ग्राउंड से शुरू होकर पुलिस ग्राउंड में सम्पन्न हुआ, जिसमें स्कूली विद्यार्थियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चे नशा-विरोधी नारे लगाते हुए उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे। मुख्यमंत्री स्वयं दाड़ी ग्राउंड से पुलिस ग्राउंड तक बच्चों के साथ पैदल चले और कई स्थानों पर उनसे बातचीत कर उन्हें इस मुहिम में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस ग्राउंड पहुंचकर मुख्यमंत्री ने चिट्टा माफिया को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि देवभूमि में नशा तस्करों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि बड़े नशा तस्करों और अंतर-राज्यीय गिरोहों की रीढ़ तोड़ने में सरकार सफल रही है। उन्होंने समाज से सहयोग की अपील की और चिट्टे से संबंधित सूचना देने वालों के लिए इनाम की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दो ग्राम तक की सूचना पर 10 हजार रुपये, पांच ग्राम पर 25 हजार रुपये, 25 ग्राम पर 50 हजार रुपये, एक किलो पर 5 लाख रुपये तथा एक किलो से अधिक मात्रा की सूचना देने पर 10 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। बड़े गिरोह की सूचना देने वालों को 5 लाख रुपये से अधिक इनाम भी प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्षों से लागू न किए जा रहे पीआईटी एंड एनडीपीएस अधिनियम को प्रदेश सरकार ने सख्ती से अमल में लाया है और अब तक 46 बड़े तस्करों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि नशे से कमाई गई हर अवैध संपत्ति जब्त की जाएगी, और अब तक 46 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नया हिमाचल है और चिट्टे का अंतिम अंश समाप्त होने तक यह लड़ाई जारी रहेगी। यह सिर्फ तस्करों के खिलाफ नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क और नशा माफिया को खत्म करने का निर्णायक संघर्ष है। उन्होंने साफ कहा कि हमारी आने वाली पीढ़ी को नशे की ओर धकेलने वालों का खेल अब खत्म होगा और वे सीधे जेल जाएंगे।



समाज और सरकारी विभाग मिलकर लड़ेंगे नशे के खिलाफ जंग
सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि एएनटीएफ, एसटीएफ, पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय विभागों के साथ-साथ हर नागरिक अब चिट्टे के खिलाफ एकजुट है। उन्होंने कहा कि आज वह मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य की रक्षा करने वाली ढाल के रूप में यहां खड़े हैं। यह लड़ाई अब मिशन मोड में प्रवेश कर चुकी है और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की सुरक्षा के लिए व्यापक अभियान का रूप ले चुकी है। उन्होंने बताया कि नशे से संबंधित किसी भी सूचना के लिए सरकार ने 112 आपातकालीन नंबर उपलब्ध करवाया है और लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी इस नम्बर पर साझा करें।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में युवाओं को नशा निवारण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान गुब्बारों और पैराग्लाइडर के माध्यम से भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाई गई। इस अवसर पर कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, एचपीटीडीसी अध्यक्ष आर.एस. बाली, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, योजना बोर्ड उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया तथा अन्य विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य उपस्थित रहे।




Share:
Share:
Comment
Leave A Comment