Echo

नितिन नबीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना भाजपा व भारत के लिए गर्व की बात: अनुराग ठाकुर

 
 
पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग ठाकुर ने नितिन नबीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर निर्वाचन को लेकर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह भाजपा और भारत दोनों के लिए गर्व का विषय है। अनुराग ठाकुर ने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में नितिन नबीन के पदभार ग्रहण करने पर भेंट कर उन्हें अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल  ने भी नितिन नबीन से मिलकर उनको बधाई दीं। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर, हिमाचल भाजपा प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सांसद सुरेश कश्यप, इंदु गोस्वामी, डॉ. सिकंदर कुमार, पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर, विधायक पवन कुमार काजल, बिहारी लाल शर्मा, रशीम धर सूद, संजीव कटवाल, पायल वैद्य, वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, महिला मोर्चा अध्यक्षा डेज़ी ठाकुर तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश चंदेल सहित अनेक वरिष्ठ हिमाचल भाजपा नेता उपस्थित रहे।
 
इस मौके पर अनुराग ठाकुर ने कहा “ भारतीय जनता पार्टी को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाने का श्रेय इसके समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है। हिमाचल प्रदेश की देवभूमि से आने वाले आदरणीय जगत प्रकाश नड्डा ने भारतीय जनता पार्टी को अध्यक्ष के रूप में अपनी कड़ी मेहनत और समर्पित कार्यकर्ता भाव से सिंचित कर पार्टी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। भाजपा के कई राज्यों के विधानसभा चुनाव, स्थानीय चुनाव व लोकसभा चुनावों में जीत का श्रेय आदरणीय प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी की लोकप्रियता व नड्डा जी संगठन कौशल एवं सबको साथ लेकर चलने के बेहतर प्रबंधन को जाता है। आदरणीय नड्डा जी का पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में 6 वर्षों का कार्यकाल सफल व पार्टी हित में रहा है जोकि प्रशंसनीय है”
 
 
 
भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी
अनुराग ठाकुर ने कहा “ भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र व भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। साथ ही भारत दुनिया का सबसे ज्यादा युवा आबादी का देश है और ऐसे में  भाजपा ने 45 वर्ष के युवा नितिन नबीन जी को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने का निर्णय लिया है। 5 बार के विधायक, छत्तीसगढ़ व सिक्किम जैसे राज्यों के प्रभारी, युवा मोर्चा में मेरे साथ महामंत्री व 2 बार कैबिनेट मंत्री के रूप में उनकी कार्यशैली अत्यंत प्रभावी रही है। मोदी जी राजनीति में 1 लाख युवाओं को लाने की बात करते हैं, ऐसे में माननीय नितिन नबीन जी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से युवाओं में खासकर जेन-जी में एक सकारात्मक व मजबूत संदेश गया है। नितिन नबीन जी के भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से यह साफ़ हो गया कि भाजपा की कथनी और करनी में कोई फ़र्क़ नहीं है। हमारे लिए राजनीति सत्ता नहीं सेवा का माध्यम है और भाजपा का हर कार्यकर्ता इसी मूल भाव के साथ राष्ट्र सेवा में समर्पित है। आज मोदी जी के रूप में भाजपा के पास दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता है और श्री नबीन जी के वृहद राजनीतिक अनुभव का लाभ भी पार्टी को अवश्य मिलेगा जिसके चलते भाजपा आगामी चुनावों में जीत हासिल कर जनकल्याण व विकसित भारत के अपने मिशन को और आगे बढ़ाएगी”
 
 
 
भाजपा करोड़ों कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और अटूट विश्वास की विजय गाथाः डॉ. बिंदल
वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर हिमाचल भाजपा परिवार की ओर से हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके के नेतृत्व में संगठनात्मक ऊर्जा, युवा सोच और अनुभव का संतुलन भाजपा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की अब तक की यात्रा केवल एक राजनीतिक दल की कहानी नहीं है, बल्कि यह करोड़ों कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और अटूट विश्वास की विजय गाथा है। जिस संगठन की नींव डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने एक विधान, एक निशान, एक प्रधान के संकल्प के साथ रखी थी, वह आज वटवृक्ष बनकर पूरे देश को अपनी छाया दे रहा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार ने यह दिशा दी कि राष्ट्र का उदय तभी संभव है जब समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान हो।




 

Share:
Share:
Comment
Leave A Comment