Echo

हिमाचल सरकार ने पंचायती राज सिस्टम को पंगु बना डालाः राकेश जमवाल


भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने सुन्दरनगर विधानसभा क्षेत्र के खुराहल में नवनिर्मित महिला मंडल भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महिला मंडल भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और समाज में निर्णायक भूमिका का सशक्त मंच है।
राकेश जमवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा महिलाओं को राजनीति और समाज दोनों में सकारात्मक भागीदारी का अवसर दिया है। केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार की नीतियाँ हों या प्रदेश में भाजपा की सोच—महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी गई है। आज महिलाएं स्वयं सहायता समूहों, पंचायतों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से विकास की धुरी बन चुकी हैं। उन्होंने मौजूदा हिमाचल प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज प्रदेश की राजनीति दिशाहीन हो चुकी है। सरकार के पास न तो स्पष्ट विज़न है और न ही जमीनी हकीकत से जुड़ी कोई ठोस नीति। इसका सबसे बड़ा उदाहरण पंचायती राज चुनाव न करवाना है।
 

 
समय पर चुनाव न कराने से प्रभावित हो रहे विकास कार्य
राकेश जमवाल ने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की सबसे मजबूत और जमीनी इकाई होती हैं, लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार ने जानबूझकर पंचायत चुनाव नहीं करवाए, जिससे आज प्रदेश की पंचायतें बेसहारा हो चुकी हैं। न जनप्रतिनिधि हैं, न निर्णय लेने की ताकत और न ही विकास कार्यों की गति। उन्होंने कहा कि सरकार न तो चुनाव करवाने की स्थिति में दिख रही है और न ही पंचायतों को वैकल्पिक अधिकार देने के लिए गंभीर है। इसका सीधा असर ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्यों पर पड़ रहा है—चाहे सड़कें हों, पेयजल योजनाएं हों, स्वच्छता, रोजगार या महिला कल्याण से जुड़े कार्यक्रम।
मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस सरकार की इस उदासीनता का खामियाजा प्रदेश की जनता, खासकर ग्रामीण महिलाएं और युवा भुगत रहे हैं। महिला मंडल, जो गांव की रीढ़ होते हैं, उन्हें भी सरकारी अनदेखी का सामना करना पड़ रहा है।
राकेश जमवाल ने कहा कि भाजपा गांव, गरीब, महिला और युवाओं के हितों के साथ कभी समझौता नहीं करेगी। पंचायती राज संस्थाओं को कमजोर करना लोकतंत्र को कमजोर करने जैसा है और भाजपा इस जनविरोधी सोच का हर स्तर पर विरोध करेगी।
उन्होंने महिला मंडल की सदस्यों से आह्वान किया कि वे संगठित होकर समाज में सकारात्मक बदलाव की अगुवाई करें और सरकार की विफलताओं के खिलाफ आवाज बुलंद करें। इस अवसर पर शिव युवक मण्डल के पदाधिकारी, स्थानीय भाजपा पदाधिकारी, महिला मंडल की समस्याएं एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
 


 

Share:
Share:
Comment
Leave A Comment