Echo

संघर्ष से शिखर तक: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने धूमधाम से मनाया जन्मदिन


हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का जन्मदिन धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओक ओवर में सुबह से ही बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। मंत्री, विधायक, पार्टी कार्यकर्ता, अधिकारी और आम लोग बड़ी संख्या में उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे।
इस खास मौके पर मुख्यमंत्री ने अपनी पत्नी एवं विधायक कमलेश ठाकुर की मौजूदगी में 62 किलोग्राम का चार मंजिला केक काटा। समर्थकों ने इस आयोजन को और खास बनाने के लिए ड्रोन से फूलों की वर्षा भी करवाई। इस अवसर को चिह्नित करते हुए मुख्यमंत्री ने ओक ओवर परिसर में चिनार का पौधा रोपित किया, जो पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का प्रतीक है।
 मुख्यमंत्री और उनके समर्थकों ने ओक ओवर परिसर में पारंपरिक हिमाचली नाटी नृत्य किया, जिसमें सभी ने जमकर आनंद लिया।
इससे पहले मुख्यमंत्री सुक्खू ने सचिवालय कर्मचारियों द्वारा आयोजित मैराथन में भाग लेकर फिटनेस और स्वस्थ जीवन का संदेश भी दिया। बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने इस मैराथन में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका जीवन संघर्षों से भरा रहा है और उन्हें चुनौतियों का सामना करना पसंद है।
 
 

RDG हिमाचल का अधिकार, राज्य सरकार इसकी बहाली के लिए मजबूती प्रयास करेगी
राजस्व घाटा अनुदान (RDG), जो वर्ष 1952 से प्रदान किया जा रहा था, के अचानक बंद किए जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इसे हिमाचल प्रदेश की जनता का अधिकार बताया और आश्वासन दिया कि राज्य सरकार इसकी बहाली के लिए मजबूती से प्रयास जारी रखेगी।
मुख्यमंत्री ने देश के प्रति हिमाचल प्रदेश के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य प्रतिवर्ष लगभग 90,000 करोड़ रुपये के पारिस्थितिक (इकोलॉजिकल) सेवाएं प्रदान करता है। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार प्रदेश के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध और दृढ़ है तथा निरंतर प्रयासों से सकारात्मक परिणाम मिलने का विश्वास जताया।
 
 
मुख्यमंत्री ने 18 महिला लाभार्थियों को वित्तीय सहायता भी वितरित की
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के तहत 18 महिला लाभार्थियों को वित्तीय सहायता भी वितरित की। प्रत्येक लाभार्थी को कुल 3 लाख रुपये की सहायता राशि में से पहली किस्त के रूप में 1 लाख रुपये प्रदान किए गए, जिससे वे अपने घर बनाने के सपने को साकार करने के करीब पहुंच सकें। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए इंदिरा गांधी खेल परिसर में हिमाचल प्रदेश यूथ कांग्रेस और राज्य युवा इकाइयों द्वारा रक्तदान शिविर और बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जो सेवा भावना और युवा सहभागिता को दर्शाता है।
 इस मौके पर मंत्री, विधायक, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी विशेष तौर पर उपस्थित रहे और उन्होंने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं।


 

Share:
Share:
Comment
Leave A Comment