हिमाचल में 17 मई को नगर निकायों के चुनाव, आचार संहिता लागू
हिमाचल मं एक हफ्ते बाद होगी पंचायत चुनावों की घोषणा
हिमाचल प्रदेश के 51 नगर निकायों में चुनाव 17 मई को होंगे। हिमाचल प्रदेश के राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची ने आज चार नगर निगम (सोलन, मंडी, धर्मशाला व पालमपुर) समेत 47 नगर पंचायत और नगर परिषदों में चुनावों के तारीखों की घोषणा कर दी। इसके साथ शहरी निकायों में आचार संहिता लागू हो गई है। चुनाव आयुक्त ने कहा कि पंचायत चुनाव की घोषणा एक सप्ताह के बाद होगी। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में 1 लाख 80 हजार 963 पुरुष और 1 लाख 79 हजार 882 महिला वोटर मतदान करेंगी।
29 अप्रैल से नामांकन पत्र दाखिल होंगे
अनिल खाची ने कहा कि नामांकन पत्र 29 व 30 अप्रैल और 2 मई (दोपहर 3 बजे तक) भरे जाएंगे। इनकी जांच 4 मई को सुबह 10 बजे से होगी। नामांकन वापस लेने का समय 6 मई (सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक) निर्धारित किया गया है। नामांकन वापसी के बाद उसी वक्त चुनाव चिन्ह आवंटित होंगे। चुनाव आयुक्त के मुताबिक मतदान केंद्रों की सूची का प्रकाशन 29 अप्रैल को करना होगा, जबकि 17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। नगर पंचायत और नगर परिषद में उसी दिन मतगणना होगी, जबकि चार नगर निगम की मतगणना 31 मई को की जाएगी।
निगम चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार अधिकतम एक लाख रुपए, नगर परिषद चुनाव लड़ने वालों को 75 हजार रुपए और नगर पंचायत चुनाव लड़ने वाले दावेदार अधिकतम 50 हजार रुपए खर्च कर पाएंगे।
Leave A Comment