Echo

किन चिकित्सकों को मिलेगा नॉन-प्रैक्टिसिंग अलाउंस, क्या बोले मुख्यमंत्री सुक्खू?


मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए राज्य सरकार सुपर-स्पेशियलिटी चिकित्सकों को नॉन-प्रैक्टिसिंग अलाउंस (NPA) प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में स्वास्थ्य अवसंरचना और सेवाओं को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने स्वास्थ्य सुधारों को लेकर चिकित्सकों के साथ विस्तृत चर्चा की है और आने वाले महीनों में वह स्वयं विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का दौरा कर डॉक्टरों से संवाद करेंगे। इस आधार पर स्वास्थ्य क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण और आधुनिकीकरण की आगे की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों को पर्याप्त स्टाफ और अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाकर एम्स, नई दिल्ली के स्तर का बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके लिए आधुनिक चिकित्सा मशीनरी और उपकरणों की खरीद पर लगभग 3,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। जिन जिलों में मेडिकल कॉलेज नहीं हैं, वहां क्षेत्रीय और जोनल अस्पतालों की सुविधाओं को भी उन्नत किया जा रहा है ताकि लोगों को अपने नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का वर्गीकरण जनसंख्या के आधार पर किया जाए, ताकि आवश्यकता के अनुरूप स्टाफ और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। बैठक में स्वास्थ्य विभाग में चल रही विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं की भी समीक्षा की गई।



 

Share:
Share:
Comment
Leave A Comment