Echo

हिमाचल राज्य सहकारी बैंक की सेवाएं अब ‘फिनाकल 10.2.25’ प्लेटफॉर्म पर





 
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक ने अपने सम्पूर्ण कोर बैंकिंग परिचालन को विश्वस्तरीय अत्याधुनिक ‘फिनाकल 10.2.25’ (Finacle 10.2.25) सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म पर सफलतापूर्वक स्थानांतरित कर दिया है। इसके साथ ही बैंक ने नई प्रणाली पर अपनी बैंकिंग सेवाएं भी शुरू कर दी हैं। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बैंक के अध्यक्ष देविन्द्र श्याम, निदेशक मंडल, बैंक प्रबंधन, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बैंक की इस उपलब्धि से लोगों को त्वरित, पारदर्शी एवं समर्पित बैंकिंग सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक प्रदेश का अग्रणी वित्तीय संस्थान है तथा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने में अपनी अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि बैंक का यह आधुनिक और उन्नत स्वरूप बैंक के कार्यक्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले छह जिलों की 262 शाखाओं के माध्यम से लोगों को तीव्र, पारदर्शी और सुरक्षित वित्तीय सुविधाएं प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इस नई और सशक्त प्रणाली के लागू होने से बैंक के अधिकारी और कर्मचारी और अधिक ऊर्जा, निष्ठा एवं प्रतिबद्धता से कार्य करने के लिए सक्षम होंगे।
 
 
तेज लेनदेन, सुदृढ़ साइबर सुरक्षा और आसान डिजिटल बैंकिंग का मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर, गुणात्मक एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए वचनबद्ध है तथा हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की यह पहल राज्य सरकार के सुशासन और जन-कल्याणकारी संकल्पों को धरातल तक पहुंचाने का सार्थक परिणाम है। उन्होंने कहा कि ‘फिनाकल 10.2.25’ जैसी मजबूत प्रणाली से अब ग्राहकों को पहले से कहीं अधिक तेज लेनदेन, सुदृढ़ साइबर सुरक्षा और बेहद आसान एवं सुगम डिजिटल बैंकिंग का अनुभव मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक प्रदेश का अपना बैंक है और लोगों का इस बैंक के साथ भावनात्मक लगाव है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे इस बैंक से अधिक से अधिक जुड़ें और इसकी आधुनिक एवं सुदृढ़ बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाकर राज्य की सहकारी व्यवस्था तथा आर्थिक प्रगति में अपना योगदान दें, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और मजबूती मिल सके।
 



Share:
Share:
Comment
Leave A Comment