चंबा मेडिकल कॉलेज के लिए सीएम ने क्या-क्या घोषणाएं कीं? जानिए बड़े फैसले
सीएम ने 158 करोड़ रुपये से निर्मित 200 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक अस्पताल भवन का लोकार्पण किया
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के फैकल्टी सदस्यों एवं विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की और चिकित्सा महाविद्यालय के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबा चिकित्सा महाविद्यालय में फैकल्टी की कमी दूर करने के लिए भर्ती नियमों में आवश्यक छूट प्रदान की जाएगी, ताकि योग्य विशेषज्ञों की नियुक्ति शीघ्र हो सके। उन्होंने महाविद्यालय में नई एक्स-रे मशीन, अत्याधुनिक लेप्रोस्कोपिक उपकरण, सीटी स्कैन मशीन तथा एम्स, नई दिल्ली की तर्ज पर अत्याधुनिक तकनीक से युक्त 3 टेस्ला एमआरआई मशीन स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को चिकित्सा महाविद्यालय में 20 आईसीयू बेड स्थापित करने के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक स्वीकृतियां समय पर मिल सकें और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि फैकल्टी सुदृढ़ होने के बाद संस्थान में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू करने की संभावनाओं का भी गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा।
स्टाफ नर्सों, रेडियोग्राफर और अन्य तकनीकी कर्मचारियों की जल्द होंगी नियुक्तियां
मुख्यमंत्री ने अगले 10 दिनों के भीतर चंबा चिकित्सा महाविद्यालय में 40 स्टाफ नर्सों की तैनाती की घोषणा की। इसके साथ ही रेडियोग्राफर और अन्य तकनीकी कर्मचारियों की भी नियुक्तियां की जाएंगी, जिससे मरीजों को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सकों को विदेशों में एक्सपोजर विजिट पर भेजने की नीति तैयार कर रही है। इस पहल के माध्यम से चिकित्सकों को विकसित देशों की आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों, नवीन तकनीकों और उन्नत स्वास्थ्य प्रणालियों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा, जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाया जा सकेगा।
चंबा मेडिकल कॉलेज मजबूत करने के लिए उठाए गए कई बड़े कदम
मुख्यमंत्री ने बताया कि चंबा चिकित्सा महाविद्यालय में कार्डियोलॉजी विभाग की स्थापना पहले ही की जा चुकी है। इसके अलावा सीनियर रेजिडेंट (एसआर) के 23 पद तथा पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) के 28 पद स्वीकृत किए गए हैं, जिससे विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और संस्थान में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि चंबा में सीनियर रेजिडेंट छात्रावास के निर्माण के लिए 18.98 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। साथ ही सरकार ने पीजी एवं एसआर चिकित्सकों के स्टाइपेंड में भी वृद्धि की है, ताकि उन्हें बेहतर सुविधाएं और प्रोत्साहन मिल सके।
158 करोड़ से निर्मित 200 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक अस्पताल भवन का लोकार्पण किया
मुख्यमंत्री ने पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल चंबा में 158 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 200 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक अस्पताल भवन का भी लोकार्पण किया। इस अस्पताल में आधुनिक ओपीडी, आपातकालीन सेवाएं, रेडियोलॉजी, अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर तथा 200 इनडोर बिस्तरों की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही एमबीबीएस एवं नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए छात्रावास तथा फैकल्टी एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाएं भी विकसित की गई हैं, जिससे चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, विधायक नीरज नैय्यर, हरदीप बावा एवं डी.एस. ठाकुर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, एपीएमसी चंबा के अध्यक्ष ललित ठाकुर, कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी, चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Leave A Comment