Echo

धौलासिद्ध प्रोजेक्ट पर CM का बड़ा ऐलान, सरकार लेगी यह कड़ा फैसला ?


 
 
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना को एसजेवीएनएल से वापस लेगी और इसके लिए 800 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और इसमें किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री आज हमीरपुर जिले के नादौन विधानसभा क्षेत्र में ब्यास नदी पर 31.19 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले 250 मीटर लंबे, डबल-लेन मोटरेबल एवं फुटपाथ सधोड़ापत्तन पुल के शिलान्यास के बाद आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह पुल हमीरपुर जिले के नादौन क्षेत्र के दोबड़ कलां गांव को कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी क्षेत्र के सिल्ह गांव से जोड़ेगा। इस पुल से नादौन और ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्रों की 15 ग्राम पंचायतों में रहने वाले 30,000 से अधिक लोगों के अलावा सुजानपुर क्षेत्र के लोग भी लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि इस पुल से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है।
इस परियोजना से आसपास के क्षेत्रों में सड़क संपर्क सुविधा सुदृढ़ होगी तथा लोगों और वाहनों की आवाजाही सुगम बनेगी। पुल के निर्माण से नादौन और ज्वालामुखी के बीच निकटतम सड़क मार्ग उपलब्ध होगा, जिससे आवागमन बेहतर होने के साथ-साथ यात्रा की दूरी कम होगी और स्थानीय लोगों के समय की भी बचत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुल से नादौन और ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्रों के बीच संपर्क को बेहतर बनाकर क्षेत्र में सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही लोगों और वस्तुओं की आवाजाही आसान होने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
 
 
 
यूपीए सरकार के समय में स्वीकृत हुआ हमीरपुर मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमीरपुर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज को लेकर सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा किए जा रहे दावे सही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह मेडिकल कॉलेज भाजपा की देन नहीं, बल्कि तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था। इसकी अधिसूचना 22 जनवरी 2014 को हुई थी और केंद्र सरकार ने उस समय इसके लिए 180 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे। उन्होंने कहा कि उनके विधायक कार्यकाल के दौरान मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए फॉरेस्ट क्लीयरेंस करवाई गई और अब यह कॉलेज दो महीने में बनकर शुरू हो जाएगा। इससे लोगों को घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने दावा किया कि केंद्र ने इसके निर्माण के लिए कोई मदद नहीं दी और राज्य सरकार ने अपने बजट से 450 करोड़ रुपये दिए हैं। उन्होंने कहा कि नादौन में खेलों का एक्सिलेंस सेंटर स्थापित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में स्पोर्ट्स टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। इसका उद्घाटन अक्तूबर में किया जाएगा।
 
 
 
ब्यास नदी पर बन रहे रिवर फ्रंट पर ब्यास आरती भी शुरू की जाएगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के लुथान में 150 करोड़ रुपये की लागत से सुखाश्रय परिसर बनाया जा रहा है। वहीं, नादौन में ब्यास नदी के किनारे 400 करोड़ रुपये की लागत से रिवर फ्रंट विकसित किया जा रहा है। यहां ब्यास आरती भी शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि अमतर के पास जल्द ही एक और पुल बनाया जाएगा और जिले की सभी सड़कों को डबल लेन करने का काम किया जा रहा है।
 
 
भाजपा ने कांग्रेस की चुनी सरकार को गिराने का असफल प्रयास किया
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनी हुई सरकार को गिराने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि भगवान और जनता दोनों सरकार के साथ हैं। उन्होंने स्थानीय पंचायत में पंचायत भवन और कम्युनिटी सेंटर के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन, विधायक कमलेश ठाकुर, मंडल अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर, हि.प्र. अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।


Share:
Share:
Comment
Leave A Comment