पीएम श्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर ओरियंटेशन कार्यक्रम
हिमाचल प्रदेश में पीएम श्री योजना के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के लिए समग्र शिक्षा द्वारा स्कूल प्रमुखों और शिक्षकों के क्षमता निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में पीएम श्री विद्यालयों के स्कूल प्रमुखों के लिए पांच दिवसीय ओरियंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। पांच दिवसीय इस कार्यक्रम में कांगड़ा और चंबा जिलों के पीएम श्री विद्यालयों के स्कूल प्रमुखों के समग्र शिक्षा के स्टेट कोऑर्डिनेटर रविंदर सिंह, यादविंद्र शर्मा एवं प्रियंका वर्मा, जिला कांगड़ा डाइट की प्रधानाचार्य डॉ. निशा कटोच तथा जिला चंबा डाइट की प्रधानाचार्य नम्रता शर्मा भाग ले रहीं हैं। दोनों जिलों के उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा एवं उप निदेशक माध्यमिक शिक्षा भी कार्यक्रम में शामिल हैं।
ओरियंटेशन कार्यक्रम के दौरान, समग्र शिक्षा की विभिन्न इंटरवेंशन, पीएम श्री योजना के वित्तीय मानदंडों तथा SNA SPARSH के माध्यम से निधियों के प्रबंधन एवं हस्तांतरण की प्रक्रिया के बारे में स्कूल प्रमुखों को जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा विद्यालय विकास, शैक्षिक गुणवत्ता, नवाचार और उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग सहित योजना के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों एवं संसाधन व्यक्तियों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूल स्तर पर पीएम श्री योजना के लक्ष्यों और प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए स्कूल प्रमुखों को आवश्यक जानकारी, मार्गदर्शन एवं व्यावहारिक समझ प्रदान करना है। इस दौरान अधिकारियों, समन्वयकों एवं विद्यालय प्रमुखों के बीच संवाद और अनुभवों का आदान-प्रदान भी किया जा रहा है, जिससे विद्यालय स्तर पर योजना के क्रियान्वयन को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।
लैब, डिजिटल लाइब्रेरी व आधुनिक सुविधाओं से लैस हो रहे पीएम श्री स्कूल
हिमाचल प्रदेश में 199 विद्यालयों को पीएम श्री स्कूलों के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, समावेशी एवं प्रेरक सीखने का वातावरण तैयार करने के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक अधोसंरचना और 21वीं सदी के कौशलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पीएम श्री विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ विज्ञान प्रयोगशालाएं, डिजिटल लाइब्रेरी, स्मार्ट कक्षाएं, खेल सुविधाएं तथा अन्य आधुनिक शैक्षणिक संसाधन विकसित किए जा रहे हैं। शिक्षकों और स्कूल प्रमुखों के प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण के माध्यम से उन्हें इन संसाधनों और योजना के प्रावधानों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए भी तैयार किया जा रहा है।
इसी उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न जिलों में चरणबद्ध तरीके से ओरियंटेशन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इससे पहले बिलासपुर में तीन जिलों के स्कूल प्रमुखों के लिए इसी प्रकार की कार्यशाला आयोजित की जा चुकी है। आगामी चरण में कुल्लू और सोलन में भी ओरियंटेशन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उम्मीद है कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से पीएम श्री योजना के लक्ष्यों को विद्यालय स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और इसके गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को और सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।
Leave A Comment