मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का दीपावली तोहफा, कर्मचारियों का DA 5% बढ़ाया
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को नवंबर में एरियर के 10,000 रुपये नकद मिलेंगे
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को दीपावली का तोहफा देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की है। शिमला में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई इस घोषणा के बाद कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 45 प्रतिशत से बढ़कर 50 प्रतिशत हो जाएगा। इसके अतिरिक्त, नियमित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को वेतनमान संशोधन के एरियर में से 10,000 रुपये नवंबर 2026 में नकद दिए जाएंगे।
वित्त विभाग ने इस संबंध में शुक्रवार को अधिसूचनाएं जारी कीं। आदेशों के अनुसार, बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान अक्टूबर 2026 के वेतन के साथ किया जाएगा, जबकि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को एरियर की निर्धारित राशि नवंबर में मिलेगी।
डीए में पांच प्रतिशत की कुल वृद्धि में एक प्रतिशत की बढ़ोतरी 1 जुलाई, 2023 से और चार प्रतिशत की बढ़ोतरी 1 जनवरी, 2024 से प्रभावी होगी। इस प्रकार कर्मचारियों का महंगाई भत्ता मौजूदा 45 प्रतिशत से बढ़कर 50 प्रतिशत हो जाएगा।
वित्त विभाग के अनुसार, डीए वृद्धि से संबंधित एरियर की गणना 1 जुलाई, 2023 और 1 जनवरी, 2024 से 30 सितंबर, 2026 तक की अवधि के लिए की जाएगी। हालांकि, इस बकाया राशि का भुगतान किस प्रक्रिया और समय-सारणी के तहत किया जाएगा, इस संबंध में अलग से आदेश जारी किए जाएंगे। फिलहाल, अक्टूबर 2026 के वेतन के साथ बढ़े हुए डीए का नकद भुगतान करने का प्रावधान किया गया है।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को नवंबर में मिलेंगे 10,000 रुपये
सरकार के फैसले के तहत नियमित चतुर्थ श्रेणी (ग्रुप-D) कर्मचारियों को वेतनमान संशोधन के एरियर में से 10,000 रुपये नवंबर 2026 में नकद दिए जाएंगे। यह बकाया राशि 1 जनवरी, 2016 से लागू वेतनमान संशोधन से संबंधित है। अधिसूचना के अनुसार, पात्र कर्मचारियों को कुल बकाया राशि में से 10,000 रुपये का भुगतान नवंबर में किया जाएगा। एरियर के शेष भुगतान और उससे संबंधित अन्य शर्तों के लिए पहले जारी आदेश लागू रहेंगे।
Leave A Comment