Echo

हिमाचल की विरासत, संसाधन और युवा शक्ति बनेंगे विकसित भारत @ 2047 की ताकत: राज्यपाल


 
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज चंबा के ऐतिहासिक चौगान में ‘विकसित भारत-विकसित हिमाचल’ विषय पर आयोजित तीसरे डेस्टिनेशन हिमाचल एक्सपो-2026 के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि  शिरकत की। राज्यपाल ने प्रदेश की समृद्ध प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय संसाधनों और मानवीय क्षमता का प्रभावी उपयोग कर युवाओं, उद्यमियों, किसानों, कारीगरों और महिलाओं के लिए नए अवसर सृजित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत @ 2047 के संकल्प को साकार करने में हिमाचल प्रदेश की भागीदारी और अधिक सशक्त होगी।
राज्यपाल ने कहा कि यह एक्सपो लोगों को रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता, प्रौद्योगिकी, कौशल विकास और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजन युवाओं और स्थानीय समुदायों को उपलब्ध अवसरों की जानकारी देने के साथ-साथ विकास की नई संभावनाओं के द्वार भी खोलते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और समावेशी विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत @ 2047 का लक्ष्य केवल एक परिकल्पना नहीं, बल्कि राष्ट्र के सामूहिक संकल्प का प्रतीक है। इस लक्ष्य की प्राप्ति तभी संभव है, जब देश का प्रत्येक राज्य, जिला और गांव विकास की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाए।
 
 
अटल टनल , पीएमजीएसवाई जैसी पहलों ने दुर्गम क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं पैदा कीं
राज्यपाल ने संपर्क सुविधाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अटल टनल और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी पहलों ने हिमाचल प्रदेश के दूरदराज एवं दुर्गम क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं पैदा की हैं। बेहतर सड़क संपर्क से बाजारों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों तक पहुंच आसान हुई है। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार के अवसरों तक भी पहुंचना चाहिए, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
 राज्यपाल ने चंबा की अपार पर्यटन संभावनाओं का उल्लेख करते हुए ग्रामीण पर्यटन, धार्मिक पर्यटन, साहसिक पर्यटन और होमस्टे को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सकती है।
राज्यपाल ने एक्सपो में विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों, वैज्ञानिक संस्थानों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और कौशल विकास संगठनों की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस आयोजन के दौरान होने वाले संवाद और संपर्क प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग, बाजार उपलब्धता, उद्यमिता तथा रोजगार सृजन के रूप में ठोस परिणाम देंगे।
 इस अवसर पर सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, विधायक नीरज नैयर, डॉ.हंसराज, पूर्व विधायक विक्रम जरयाल, पवन नैयर एवं जिया लाल कपूर, नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष नीलम नैयर, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
 
 
 

Share:
Share:
Comment
Leave A Comment