विद्यार्थियों ने हैकाथॉन में दिखाया हुनर, नवाचारी मॉडलों से पेश किए समाधान
समग्र शिक्षा, हिमाचल प्रदेश के सॉफ्ट स्किल्स कार्यक्रम के तहत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अंब में जिला स्तरीय हैकाथॉन का आयोजन किया गया। इसमें जिले के पीएम श्री विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक सोच एवं तकनीकी कौशल से तैयार किए गए नवाचारी विचारों और मॉडलों का प्रदर्शन किया।
हैकाथॉन के माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन से जुड़ी समस्याओं की पहचान करने और उनके व्यावहारिक समाधान खोजने का अवसर दिया गया। इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, टीम वर्क, नेतृत्व क्षमता और समस्या समाधान जैसे कौशल विकसित करना है। इससे उन्हें किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का भी अवसर मिला।
कार्यक्रम में चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उप निदेशक (गुणवत्ता शिक्षा) नीरज गर्ग, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अंब के प्रधानाचार्य संजय कुमार और जिला नोडल अधिकारी, पीएम श्री ऊना केवल चंदेल भी मौजूद रहे। Katina Skills की ओर से प्रोजेक्ट एडवाइजर जितेंद्र शर्मा और प्रोग्राम मैनेजर आदित्य आनंद ने आयोजन एवं कार्यक्रम के संचालन में सहयोग दिया।
प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मुबारिकपुर ने प्रथम स्थान, जबकि राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अंब ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इस कार्यक्रम का आयोजन HopingMinds द्वारा तथा Katina Skills Private Limited के सहयोग से किया गया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित टीमों को अब राज्य स्तरीय हैकाथॉन में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस पहल से विद्यार्थियों को अपने विचारों को उपयोगी मॉडलों में बदलने और भविष्य की चुनौतियों के लिए जरूरी कौशल विकसित करने का मंच मिला।
Leave A Comment