प्रियंका का दावा, इंडिया गठबंधन बनाएगा सरकार, लोगों में उत्साह
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने आज चंबा और शाहपुर में अपनी चुनावी रैली में देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि देश के साथ साथ प्रदेश के लोगों में इसको लेकर भारी उत्साह है।
प्रियंका गांधी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि इसने अपने पूर्व के सभी वादे तोड़े हैं। कोई भी इसकी बातों पर भरोसा नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कहा कि कांग्रेस 55 सालों तक सत्ता में रही, लेकिन अमीर पार्टी नहीं बन पाई। इसके विपरीत बीजेपी पिछले 10 सालों दुनिया की सबसे अमीर पार्टी बन गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी विधायकों की खरीद फरोख्त कर सरकारें नहीं गिराई, लेकिन बीजेपी यह कर रही है। उन्होंने भाजपा पर प्रदेश सरकार को गिराने के प्रयास करने के भी आरोप लगाए।
महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण, कर्ज माफी के लिए बनेगा आयोग
प्रियंका गांधी ने लोकसभा चुनावों के लिए जारी कांग्रेस के न्याय पत्र में किए वादों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर महिलाओं को 8500 रुपये हर महीने और महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 50 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। यही नहीं किसानों की कर्ज माफी के लिए स्थायी आयोग बनेगा। मजदूरों की दिहाड़ी 400 रुपये को लेकर भी कानून लाएंगे। शहरी इलाकों में भी मनरेगा को लागू किया जाएगा। वहीं 25 लाख रुपये तक के निशुल्क इलाज की सुविधा भी मिलेगी।
केंद्र ने आपदा में हिमाचल की अनदेखी की
प्रियंका गांधी ने केंद्र पर आपदा में हिमाचल की अनदेखी के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि आपदा में एक भी पैसा केंद्र नहीं दिया। उन्होंने कहा कि आज किसानों-बागवानों को उनकी उपज के सही दाम नहीं मिल रहे। हिमाचल में तमाम कोल्ड स्टोर बड़े-बड़े खरबपतियों को दिए हैं और ये खरबपति सेब के दाम तय कर रहे हैं। देश में जनता महंगाई से जूझ रही है, बेरोजगारी बढ़ गई है। देश में 70 करोड़ युवा आज बेरोजगार हैं, 30 लाख सरकारी पद खाली हैं।
प्रियंका गांधी ने हिमाचल के साथ अपने लगाव का जिक्र भी किया। प्रियंका ने कहा कि मेरा दिल हमेशा हिमाचल में रहता है। जब भी हिमाचल आती हूं तो मुझे बहुत खुशी होती है।
Leave A Comment