3 माह से सड़क बंद, ग्रामीणों ने 10 KM लकड़ी से बांध गर्भवती महिला को पहुंचाया हॉस्पिटल
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में सरकारके विकास के दावों की पोल उस समय खुली जब कुलथीना गांव के ग्रामीणों ने गर्भवती महिला को कंबल में डंडे पर बांधकर 10 किलोमीटर पैदल चलकर अस्पताल पहुंचाया।
सूचना के अनुसार रीता देवी पत्नी संजय ठाकुर निवासी कुलथीना गर्भवती होने के कारण जब उनको प्रसव पीड़ा हुई तो परिजनों को चिंता सताने लगी कि आखिर अब क्या होगा , गर्भवती महिला को कैसे अस्पताल पहुंचाए। क्योंकि गांव की सड़क पिछले तीन महीनों से बंद है तो ऐसे में अस्पताल पहुंचना मुश्किल हो रहा था।
पत्नी के पीड़ा बढ़ने के बाद महिला के पति संजय ठाकुर ने ग्रामीणों को बताया तो ग्रामीण धनवीर ठाकुर, गुलाब सिंह नंबरदार, रंगी लाल, हितेन्द्र ठाकुर, अंकित ठाकुर, अजय ठाकुर, नीरज ठाकुर, सतीश ठाकुर, धनवीर ठाकुर, सुभाष ठाकुर व राम लाल ठाकुर इकट्ठा हुए और महिला को कंबल के सहारे डंडे पर बांधकर कुलथीना गांव से पैदल उठाकर 10 किलोमीटर डांडा सड़क तक पहुंचाया, जिसके बाद गाड़ी के माध्यम से सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क तीन महीने से बंद है तो ऐसे में ग्रामीणों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया में भी जमकर वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि सबसे अधिक परेशानी बीमार लोगों को अस्पताल तक पहुंचाने में होती है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान नेता बड़े-बड़े वायदे करते हैं और चुनाव के बाद कोई भी गांव की तरफ मुड़कर भी नहीं देखता। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से जल्द ही सड़क को बहाल करने की मांग उठाई है।
Leave A Comment