Echo

कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ राजभवन के बाहर किया प्रदर्शन

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेश कांग्रेस ने छोटा शिमला से राजभवन तक रैली निकाली। राजभवन के बाहर कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने  केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह भ्रष्टाचार के आरोप में घिरे गौतम अडानी और उनके सहयोगियों को बचाने में लगी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका की अदालत में अडानी पर भ्रष्टाचार,धोखाधड़ी और जालसाजी के गंभीर आरोप लगे है इससे घरेलु व अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के बीच विश्वास की हानि  चिंताजनक है। इससे देश की प्रतिष्ठा पर भी आंच आई है।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि  नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संसद के अंदर बार बार अडानी की वित्तीय धोखाधड़ी को लेकर सरकार से उनके खिलाफ कार्यवाही की मांग भी की, लेकिन  केंद्र सरकार ने इस पर कोई भी कार्यवाही नही की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संसदीय चर्चा को जानबूझकर कर रोकना और इस मुद्दे पर मौन रहना लोकतंत्र में जिम्मेदारी व जवाबदेही से बचने का एक चिंताजनक संकेत है जो कभी सहन नही किया जा सकता। उन्होंने अडानी को जल्द गिरफ्तार करने और उन पर भ्रष्टाचार का मामला दर्ज करने की मांग की है।
प्रतिभा सिंह ने मणिपुर में बढ़ती हिंसा,गोलीबारी, कर्फ्यू और बढ़ती अराजकता पर पार्टी की चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि केंद्र मणिपुर को पूरी तरह अनदेखा कर रही है। उन्होंने कहा कि मणिपुर की सरकार भी लोगों की रक्षा करने में पूरी तरह विफल सिद्ध हो रही है।


केंद्र सरकार संविधान को कमजोर करने की कर रही कोशिश
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी चेतन चौहान ने इस दौरान कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा संविधान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर सरकार का विरोध करने वालो के खिलाफ पुलिस मामले बनाएं जा रहें है।  
विदित चौधरी ने भी केंद्र की मोदी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि आज देशभर में कांग्रेस भाजपा की जन विरोधी नीतियों व निर्णयों के खिलाफ रोष प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के साथ अन्याय नही होने देगी और इसके खिलाफ लोगों को जागरूक करेगी।   इस मौके पर शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किय। इसमें पार्टी के प्रदेशभर से आये वरिष्ठ नेता,नगर निगम के पार्षदगण,अग्रणी संगठनों सेवादल, महिला कांग्रेस,युवा कांग्रेस एनएसयूआई के पदाधिकारी व पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।



Share:
Share:
Comment
Leave A Comment