Echo

प्रदेश में चरवाहों के लिए जल्द शुरू होगी "पहल योजना"


पशुपालन विभाग की समीक्षा बैठक निदेशालय में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने की। बैठक में विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई और नोडल अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण दिया।
कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि चरवाहों के लिए "पहल" (PEHEL – Pastoralists Empowerment through Holistic Ecosystem for Livelihoods) योजना तैयार की गई है, जिसे केंद्र सरकार से मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। यह योजना चरवाहों की आजीविका को सशक्त बनाने और पारंपरिक पशुपालन की चुनौतियों का समाधान करने पर केंद्रित है।
इस योजना के तहत हिमाचल में 7.9 लाख भेड़, 11.10 लाख बकरी, 1434 टन ऊन और 5429 टन मीट उत्पादन पर ध्यान दिया जाएगा। माइग्रेटरी जनसंख्या के 60–70% चरवाहों को योजना में शामिल किया जाएगा। योजना का बजट 294.36 करोड़ रुपये रखा गया है। योजना के अंतर्गत GAURI के माध्यम से विदेशी नस्लों का प्रसार, PALASH के तहत सब्सिडी और बीमा सुविधा, VAIDH के जरिए पशु स्वास्थ्य देखभाल और DHARA के माध्यम से ऊन, दूध और मीट उत्पादन में स्टार्टअप को प्रोत्साहन दिया जाएगा। इस पहल से 40 हजार परिवारों को लाभ मिलेगा, जिसमें युवा, महिलाएं और कमजोर वर्ग प्रमुख रूप से शामिल हैं। जनजातीय क्षेत्रों के सभी चरवाहों को योजना में शामिल किया जाएगा और हिमाचल की ऊन को GI टैगिंग दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। योजना से 15–20% उत्पादन और आय में वृद्धि की उम्मीद है।


पशु चिकित्सकों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश

मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि पशु चिकित्सक फील्ड में जाकर किसानों के पशुओं का स्वास्थ्य निरीक्षण करें और उनसे निरंतर संपर्क में रहें। जो चिकित्सक फील्ड में नहीं जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रदेश के पशु अस्पतालों में सभी आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
 

दूध प्रोत्साहन योजना : 4 अक्टूबर से लागू

किसानों को आर्थिक प्रोत्साहन देने के लिए 4 अक्टूबर, 2025 से दूध प्रोत्साहन योजना शुरू की जाएगी। इसके तहत गैर-सरकारी डेयरी सहकारी समितियों के माध्यम से दूध उत्पादकों को DBT मोड के जरिए 3 रुपये प्रति लीटर की सब्सिडी मिलेगी। यह योजना लगभग 8 हज़ार सदस्यों वाली 4500 सोसायटी को लाभान्वित करेगी।
बैठक में सचिव पशुपालन विभाग रितेश चौहान, निदेशक डॉ. संजीव धीमान, प्रबंध निदेशक वूल फेडरेशन विजय ठाकुर, प्रबंध निदेशक मिल्क फेडरेशन विकास सूद और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


 




Share:
Share:
Comment
Leave A Comment