Echo

लंदन दौरे पर सरकारी खजाने से एक भी पैसा खर्च नहीं कियाः मुख्यमंत्री



मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्पष्ट किया है कि उनके लंदन दौरे पर सरकारी खजाने से एक भी पैसा खर्च नहीं हुआ। लंदन से लौटने के बाद मंगलवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने विपक्ष के आरोपों पर कहा कि वह भी बेटी के पिता हैं और बेटी का चयन अपनी योग्यता के आधार पर हुआ है। उन्होंने कहा कि बेटी की एडमिशन को लेकर लंदन गए थे और इस दौरान सरकारी अकाउंट से एक भी पैसा खर्च नहीं किया गया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लंदन में रहते हुए भी वह हिमाचल की गतिविधियों पर नजर बनाए रहे। रोजाना मुख्य सचिव और मंत्रियों से बात कर प्रदेश की पल-पल की जानकारी लेते रहे। उन्होंने भाजपा को नसीहत दी कि ऐसे संवेदनशील मामलों पर राजनीति न करें।


केसीसी बैंक गड़बड़ी की ईडी जांच कर रही है
मुख्यमंत्री ने कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक (KCC) में गड़बड़ी पर कहा कि हमारी सरकार ने वन टाइम सेटलमेंट (OTS) की कोई मांग नहीं की। ओटीएस आरबीआई की स्वीकृति से होती है। उन्होंने कहा कि बीते सात-आठ वर्षों से बैंक में जो अनियमितताएं हो रही थीं, उन्हें देखते हुए पूरे निदेशक मंडल को भंग किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले की जांच ईडी कर रही है और सच्चाई जल्द सामने आएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लोन सेटलमेंट का लाभ किसानों को मिलना चाहिए, न कि किसी अन्य को।

 
मंत्री का विदेश दौरा अप्रूव ही नहीं, बवाल की जरूरत नहीं
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल के प्रस्तावित विदेश दौरे पर उठे विवाद पर कहा कि विदेश दौरे की स्वीकृति मुख्यमंत्री ही देते हैं। जब मुख्यमंत्री ने मंत्री के दौरे को अप्रूव ही नहीं किया, तो इस पर बवाल मचाने का कोई औचित्य नहीं है।


हिमाचल को अभी तक केंद्र से नहीं मिली मदद
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपदा से निपटने के लिए 1500 करोड़ रुपये की घोषणा तो की थी, लेकिन अब तक उसकी कोई औपचारिक सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश आपदा से कराह रहा है, लोग प्रभावित हैं, ऐसे में समय पर राहत राशि न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार आपदा प्रभावितों की हर संभव मदद कर रही है। जिनके घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें सात लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, जिनका सामान, पशु, खेत, बगीचे या दुकानें बह गई हैं, उन्हें भी उचित सहायता प्रदान की जाएगी।

 
 

Share:
Share:
Comment
Leave A Comment