Echo

हिमाचल को बड़ी सौगात : कोटखाई और पांवटा साहिब में खुलेंगे केंद्रीय विद्यालय


हिमाचल प्रदेश को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। केंद्र सरकार ने प्रदेश में दो नए केंद्रीय विद्यालय खोलने की मंजूरी दी है। ये विद्यालय शिमला जिले के कोटखाई और सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में स्थापित किए जाएंगे।
 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक में देशभर में 57 नए केंद्रीय विद्यालयों को मंजूरी दी गई है। इनमें हिमाचल के लिए दो विद्यालय शामिल हैं।
प्रदेश सरकार ने कोटखाई और पांवटा साहिब में केंद्रीय विद्यालय खोलने का प्रस्ताव केंद्र को भेजा था, जिस पर यह ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है।

 
आधुनिक सुविधाओं से युक्त  शिक्षा 
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि नए केंद्रीय विद्यालयों में प्री-प्राइमरी से लेकर आगे की कक्षाओं तक की पढ़ाई सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत होगी। इससे हजारों बच्चों को अपने ही जिलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और बच्चों को पढ़ाई के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।



सरकार के सत्तत प्रयासों से मिली कामयाबी
शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह प्रदेश सरकार के सतत प्रयासों और सिफारिशों का परिणाम है। इससे हिमाचल में शिक्षा और आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने केंद्र सरकार और विशेष रूप से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का आभार व्यक्त किया।

 
सांसद ने भाजपा नेतृत्व का जताया आभार
भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने भी कोटखाई और पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्रों को केंद्रीय विद्यालय की सौगात मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि देशभर में सिविल सेक्टर के तहत 57 नए केंद्रीय विद्यालयों को मंजूरी मिली है, जिनमें हिमाचल के दो विद्यालय शामिल हैं।

 

Share:
Share:
Comment
Leave A Comment