Echo

राज्यपाल ने कुल्लू दशहरा की सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ

 राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र, कुल्लू में अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी जानकी शुक्ला भी मौजूद रहीं। राज्यपाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, क्योंकि मंच मिलने से उनकी प्रतिभा निखरेगी और प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को संजोने में मदद मिलेगी।

राज्यपाल ने अपने जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि उन्हें पिछले तीन वर्षों से भगवान रघुनाथ जी के दर्शन का सौभाग्य मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जब हजारों श्रद्धालु भगवान रघुनाथ जी के रथ को खींचते हैं तो वह दृश्य दिव्य और आलौकिक प्रतीत होता है। यह परंपरा केवल उत्सव तक ही सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचनी चाहिए।
 

300 से अधिक देवी-देवता ले रहे हिस्सा
राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि के रूप में विख्यात है और पूरे वर्ष देश-विदेश से श्रद्धालु यहां आते हैं। कुल्लू घाटी के विभिन्न हिस्सों से 300 से अधिक देवी-देवता इस भव्य आयोजन में हिस्सा ले रहे हैं, जो इसे विश्व में अद्वितीय बनाता है।
हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इस वर्ष राज्य को भारी क्षति उठानी पड़ी है। कई परिवारों ने अपने घर और जमीन खो दी है। प्रभावितों के पुनर्वास को लेकर उन्होंने केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री से चर्चा की है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी स्थिति से अवगत करवाया गया है। उन्होंने आपदा के समय लोगों के साहस और रेडक्रॉस द्वारा किए जा रहे राहत कार्यों की सराहना की।
 

नशामुक्त हिमाचल के लिए किया आह्वान
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने नशामुक्त हिमाचल अभियान पर बल देते हुए कहा कि यदि प्रदेश को नशे के चंगुल से बचाना है, तो इसे जड़ से उखाड़ना होगा। उन्होंने लोगों से सामूहिक प्रयास करने की अपील की और कहा कि भगवान रघुनाथ जी के आशीर्वाद से हम सब मिलकर एक स्वस्थ और समृद्ध समाज का निर्माण कर सकते हैं।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा समिति के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने राज्यपाल का सम्मान किया। उपायुक्त तोरूल एस. रवीश ने सांस्कृतिक संध्याओं की रूपरेखा पर जानकारी देते हुए कहा कि आपदा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष उत्सव सादगी से आयोजित किया जा रहा है और स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जा रही है। विधायक सुरेंद्र शौरी, राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा और जिले के अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।


Share:
Share:
Comment
Leave A Comment