हिमाचल में सीजन की पहली बर्फबारी, ठंड बढ़ी
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी के साथ ही ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा और किन्नौर की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी से निचले क्षेत्रों में भी ठंडी हवाएं चलने लगी हैं।
लाहौल-स्पीति में रोहतांग दर्रा, बारालाचा, शिंकुला और धौलाधार की पहाड़ियों पर ताजा हिमपात हुआ है। केलांग में न्यूनतम तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है, जिससे लाहौल घाटी में शीतलहर का असर दिखाई देने लगा है।
लगातार बर्फबारी के कारण दारचा–शिंकुला, दारचा–बारालाचा और कोकसर–लोसर मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिए गए हैं। कोकसर–पलचान (रोहतांग पास), कोकसर–लोसर (कुंजम टॉप) और चंद्रताल सड़कों पर भी यातायात पूरी तरह ठप है।
चंबा जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों मणिमहेश, कुगती और होली में दो सेंटीमीटर तक ताजा बर्फ गिरी है। पांगी–चंबा वाया सचे जोत मार्ग पर बर्फबारी के बाद पांगी घाटी का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। अब पांगी के लोग केवल कुल्लू–मनाली मार्ग से होकर ही चंबा पहुंच पाएंगे।
ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है, वहीं निचले इलाकों में बारिश से ठंड बढ़ गई है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 6 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने के कारण ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 7 अक्टूबर को भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट रहेगा। 8 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। 9 अक्टूबर से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं।
Leave A Comment