Echo

मुख्यमंत्री ने 26 नई एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस एनएसए के बेड़े में शामिल कीं


मुख्यमंत्री ने तम्बाकू मुक्त युवा अभियान का शुभारंभ किया


नई एम्बुलेंस में उपलब्ध होंगी 19 आपातकालीन जीवन रक्षक सुविधाएं


हिमाचल सरकार ने राष्ट्रीय एम्बुलेंस सेवा-108 (एनएसए) में 26 नई एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस शामिल की हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज ओकओवर, शिमला से इन एम्बुलेंस को एनएसए में शामिल किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा आयोजित तम्बाकू मुक्त युवा अभियान का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राष्ट्रीय एम्बुलेंस सेवा-108 योजना के अंतर्गत अब प्रदेश में 241 एम्बुलेंस क्रियाशील हैं, जो आपातकालीन परिस्थितियों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही हैं। नए शामिल की गई 26 एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस में जीवन रक्षक स्वास्थ्य सेवा उपकरण उपलब्ध हैं। इनमें ट्रांसपोर्ट वेंटिलेटर, ईसीजी मशीन, आपातकालीन एम्बू बैग, ऑक्सीजन सिलेंडर, रक्तचाप निगरानी मशीन सहित कुल 19 आपातकालीन जीवन रक्षक सुविधाएं मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री ने  कि इन एम्बुलेंस को सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों, जिला चिकित्सालयों, सिविल अस्पतालों और दूरदराज के स्थानों पर तैनात किया जाएगा, ताकि आपात स्थितियों में मरीजों को तुरंत स्थानांतरित किया जा सके। प्रत्येक एम्बुलेंस में आपातकालीन चिकित्सा देखभाल के लिए प्रशिक्षित आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियन की सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करेगी।

 
तम्बाकू मुक्त युवा अभियान का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने तम्बाकू मुक्त युवा अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी और कहा कि हिमाचल प्रदेश देश में जन-स्वास्थ्य के क्षेत्र में अग्रणी राज्य है। तम्बाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 युवाओं को तम्बाकू के खतरों से बचाने की सरकार की एक सशक्त पहल है। यह अभियान 60 दिन, यानी 8 दिसंबर, 2025 तक चलेगा और इसमें जागरूकता, रोकथाम और तम्बाकू नियंत्रण कानूनों के सख्त पालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तम्बाकू हर साल भारत में 1.35 लाख से अधिक लोगों की जान लेता है और गंभीर बीमारियां जैसे कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की समस्याएं उत्पन्न करता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि तम्बाकू का सेवन बिल्कुल न करें, क्योंकि यह अक्सर अन्य नशों की ओर भी ले जाता है।


 


सभी प्रकार के तम्बाकू और ई-सिगरेट पर पाबंदी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी प्रकार के तम्बाकू उपयोग, ई-सिगरेट और हुक्का बार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस और फ्लाइंग स्क्वाड अभियान चलाकर इन प्रतिबंधों की अनुपालना सुनिश्चित करेंगे। तम्बाकू दुकानों को नियंत्रित करने, विक्रेता लाइसेंस नियम लागू करने और शहरों व गांवों में आउटलेट की संख्या कम करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। उन्होंने सभी जिला उपायुक्तों, विभागों और स्थानीय निकायों को कहा कि अभियान की सफलता सुनिश्चित करें और हर स्कूल और गांव को तम्बाकू मुक्त बनाएं। सभी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को ‘तम्बाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान दिशा-निर्देशों’ का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य होगा। संस्थानों के भीतर या आसपास तम्बाकू की बिक्री, उपयोग या विज्ञापन नहीं होना चाहिए।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक संजय अवस्थी, महापौर सुरेन्द्र चौहान, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान, सचिव स्वास्थ्य एम. सुधा देवी, निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क राजीव कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।



 


Share:
Share:
Comment
Leave A Comment