बद्दी में भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आरंभ
डॉ. बिंदल बोले – 2027 विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा करेगी टेक ऑफ
भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में हुआ। कार्यशाला में भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह-प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और संगठन महामंत्री सिद्धार्थन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि भाजपा कभी भी राष्ट्र विरोधी ताकतों को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आतंकवाद और नक्सलवाद के प्रति ‘शून्य सहिष्णुता’ की नीति पर कार्य करती है और राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज भारत “नया भारत” है, जो किसी के दबाव में नहीं आएगा और आतंकवादियों व उनके समर्थकों को बख्शा नहीं जाएगा। श्रीकांत शर्मा ने कहा कि भाजपा के दर्शन में “राष्ट्र प्रथम” सर्वोच्च प्राथमिकता है—राष्ट्रीय हित हर चीज़ से ऊपर हैं और राष्ट्र विरोधी किसी भी शक्ति को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तानाशाही ढंग से कार्य करने के भी आरोप लगाए।
कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकेगी भाजपाः डॉ. बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि इस सरकार ने युवाओं, माताओं और बहनों को बुरी तरह से ठगा है। पहली ही कैबिनेट में एक लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा करने वाली सरकार ने आज तक एक भी व्यक्ति को रोजगार नहीं दिया, बल्कि डेढ़ लाख पद समाप्त कर नया रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2000 से अधिक संस्थान बंद किए गए, जबकि 28 लाख बहनें अब भी ₹1500 प्रतिमाह के वायदे का इंतज़ार कर रही हैं। भारी कर्ज लेने के बावजूद प्रदेश का विकास ठप पड़ा है — सड़कें टूटी हुई हैं, पेयजल योजनाएं बंद पड़ी हैं और आपदा प्रबंधन में घोर लापरवाही के चलते हजारों परिवार आज भी बेघर हैं।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि आपदा राहत कार्यों में भी भाई-भतीजावाद किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा इस “भ्रष्ट और निकम्मी” कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
उन्होंने कहा कि दो दिन की यह कार्यशाला भाजपा कार्यकर्ताओं को 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए ‘टेक ऑफ’ की तैयारी का मंच प्रदान करेगी। कार्यशाला में चुनावी रणनीति और संगठनात्मक सशक्तिकरण पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
Leave A Comment