Echo

कांग्रेस अपनी नाकामियां छुपाने के लिए आरएसएस को लेकर कर रही दुष्प्रचार: अनुराग ठाकुर






पूर्व केंद्रीय मंत्री व  सांसद  अनुराग  ठाकुर ने हिमाचल कांग्रेस पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खिलाफ  ओछी बयानबाजी करने का आरोप लगाया है। अनुराग ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश सरकार अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए निस्वार्थ भाव से लोक कल्याण में लगी विश्व की सबसे बड़ी राष्ट्र सेवी संस्था राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को लेकर दुष्प्रचार कर रही है। 
अनुराग ठाकुर ने कहा “ प्रदेश की मौजूदा सरकार विकास से जनभावनाओं के आदर तक हर मोर्चे पर फेल रही है। इस सरकार की नाकामियों की फेहरिस्त अंतहीन है, मगर अभिमान सातवें आसमान पर है। यह सर्वविदित है कि भारत की राष्ट्रीय एकता, संस्कृति संरक्षण व आपदा काल में सेवा कार्य में आरएसएस का महत्वपूर्ण योगदान है, इसके बावजूद प्रदेश सरकार अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए निस्वार्थ भाव से लोक कल्याण में लगी विश्व की सबसे बड़ी राष्ट्र सेवी संस्था राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को लेकर दुष्प्रचार कर रही है। उन्होंने साफ किया कि आरएसएस पर कांग्रेस की यह ओछी टिप्पणी व कुत्सित थोपी हुई सोच बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।  इसके लिए कांग्रेस को बिना लाग-लपेट के माफ़ी माँगनी चाहिए”


हिमाचल की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह रही विफल 
अनुराग  ठाकुर ने कहा “ आज चाहे प्रदेश में क़ानून व्यवस्था की बात हो, ख़ुद की दी हुई गारंटियाँ पूरी करने की बात हो, प्रदेश की मौजूदा कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। इसे देखते हुए कांग्रेस जनता का ध्यान भटकाने के लिए अपनी दूषित सोच को आरएसएस पर थोपते हुए खुद का बचाव कर रही है। कांग्रेस अपने मन में कभी सेवाभाव नहीं ला पाई तो ऐसे में जो संगठन निस्वार्थ भाव से सेवा में लगा हुआ है, उसे दुष्प्रचार करने का कार्य कर रही है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपनी स्थापना से अब तक एक शताब्दी के कालखंड में देश की सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय ढांचे को मजबूत करने में निरंतर लगा हुआ है। आरएसएस द्वारा किए गए कार्यों ने करोड़ों लोगों के जीवन को बेहतर बनाते हुए गुलामी की जंजीरों को तोड़ कर के आजाद हुए भारत देश के निर्माण में पूरी निष्ठा व ईमानदारी से सकारात्मक योगदान देने का कार्य किया है। अपने शीर्ष नेतृत्व के सशक्त राष्ट्र, सभ्य समृद्धशाली समाज निर्माण के ओजस्वी विचारों के चलते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का राष्ट्र निर्माण व सनातन धर्म की रक्षा करने में अनमोल योगदान रहा है। संघ के स्वयंसेवकों ने समय-समय पर देश के विभिन्न हिस्सों में आयी प्राकृतिक आपदाओं व अन्य राष्ट्रीय संकट के समय हमेशा राहत व बचाव के कार्यों में बढ़-चढ़कर सक्रिय भूमिका निभाने का कार्य किया है। यह जानते हुए भी कांग्रेसी नेता ग़लत तथ्यों के आधार पर संघ की छवि को  धूमिल करते हुए अपने हितों को  साधने का कार्य कर रहे हैं”


विपरीत परिस्थितियों में भी संघ के स्वयंसेवकों ने राष्ट्र सेवा से मुंह नहीं मोड़ा
अनुराग  ठाकुर ने कहा “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सामने राजनीतिक पूर्वाग्रह से ग्रस्त कांग्रेस सरकार द्वारा  विकट स्थिति उत्पन्न करने के बावजूद  संघ के स्वयंसेवकों ने कभी भी हिम्मत नहीं हारी, उन्होंने कभी भी राष्ट्र व समाज की सेवा करने के कार्यों को करने से मुँह नहीं मोड़ा। कांग्रेस के तमाम दुष्प्रचार के बावजूद संघ भारत का एक ऐसा समावेशी और राष्ट्रवादी संगठन है, जो भारत के सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय ढांचे को मजबूत करते हुए दुनिया में भारत की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करते हुए, राष्ट्र निर्माण में एक सकारात्मक योगदान देने का कार्य कर रहा है”



Share:
Share:
Comment
Leave A Comment