4 दिसंबर को धर्मशाला में भाजपा का विशाल प्रदर्शन
जोरावर सिंह स्टेडियम से शुरू होगी परिवर्तन की पुकार
हिमाचल में कांग्रेस सरकार जहां तीन वर्ष पूरा होने पर बड़े आयोजन की तैयारी कर रही है, वहीं भारतीय जनता पार्टी ने सरकार को घेरने के लिए अपनी रणनीति को तेज कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने घोषणा की कि आगामी 4 दिसंबर को धर्मशाला के जोरावर सिंह स्टेडियम में एक ऐतिहासिक और विराट जनप्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, माफिया राज, झूठी घोषणाओं और वादाखिलाफी से त्रस्त जनता अब सड़कों पर उतरने को तैयार है और जोरावर सिंह स्टेडियम हिमाचल में राजनीतिक परिवर्तन की शुरुआत का साक्षी बनेगा।
“कांग्रेस की झूठी गारंटियों ने जनता को ठगा” — डॉ. बिंदल
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस वर्ष 2022 में झूठी गारंटियों के दम पर सत्ता में आई थी, लेकिन तीन वर्षों में सरकार ने एक भी प्रमुख वादा पूरा न करके सिर्फ जनता को ठगने का कार्य किया। आज प्रदेश का युवा बेरोजगार है, बहनें अपने साथ हुए विश्वासघात को महसूस कर रही हैं, महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है और प्रदेश में माफिया राज खुलकर पनप रहा है। जनता अब इस सरकार से पूरी तरह निराश और हताश हो चुकी है तथा इसे बदलने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं के साथ बड़ा धोखा हुआ है। सरकारी नौकरियों पर प्रतिबंध लगाकर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया और “मित्र” नाम की नई व्यवस्था लाकर युवाओं को 4000 या 5000 रुपये के मानदेय पर काम करने को मजबूर किया गया। यह व्यवस्था युवाओं के प्रति सबसे बड़ा अन्याय है। इसी अन्याय के खिलाफ 4 दिसंबर को युवा धर्मशाला में अपनी सबसे बुलंद आवाज उठाएंगे।
महिलाओं से 1500 की गारंटी पर छल: बिजली, पानी, बस किराए से बढ़ा बोझ
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 28 लाख बहनों से 1500 रुपये की गारंटी का वादा कर बड़ा छल किया। बिजली की 300 यूनिट फ्री देने की घोषणा की गई थी, लेकिन हुआ इसके उलट—बिजली के दाम बढ़ा दिए गए। महिलाओं को बसों में फ्री यात्रा देने का वादा किया गया, लेकिन पहले से मिल रही 50 प्रतिशत छूट भी समाप्त कर दी गई। पानी के बिल, राशन और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम बढ़ाकर जनता पर भारी आर्थिक बोझ लाद दिया गया। सरकार की नीतियों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उसकी प्राथमिकता जनता नहीं, केवल घोषणाएं और प्रचार है।
कानून-व्यवस्था चरमराई, माफिया बेलगाम: हिमाचल में भय का माहौल
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार के तीन वर्षों में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। प्रदेश में हत्या, बलात्कार और डकैती की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। नशा तस्करी और चिट्टा व्यापार ने युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है, जबकि खनन माफिया खुलेआम पहाड़ों को छलनी कर रहा है। सरकार इन घटनाओं पर पूरी तरह मौन है, जिससे यह साफ होता है कि माफिया राज को संरक्षण प्राप्त है। दूसरी ओर, प्रदेश कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है, विकास कार्य ठप पड़े हैं और जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। तीन वर्षों में सरकार हर मोर्चे पर विफल सिद्ध हुई है।
धर्मशाला में गूंजेगी जन-आवाज़: भाजपा बनाएगी प्रदर्शन को ऐतिहासिक
डॉ. बिंदल ने कहा कि 4 दिसंबर को हजारों की संख्या में युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता धर्मशाला पहुंचेंगे। यह प्रदर्शन केवल विरोध नहीं होगा, बल्कि हिमाचल के भविष्य को बचाने का एक संकल्प होगा। जोरावर सिंह स्टेडियम कांग्रेस सरकार के कुशासन के खिलाफ जनता के आक्रोश का साक्षी बनेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा कार्यकर्ता पूरे समर्पण और संगठनात्मक शक्ति के साथ इस आंदोलन को ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे और यह प्रदर्शन प्रदेश की राजनीति की दिशा को निर्णायक रूप से बदल देगा।
Leave A Comment