जनता का अटूट विश्वास, मेरी सबसे बड़ी ताकतः मुख्यमंत्री
तीन साल जनता के विश्वास, पारदर्शी सुशासन, आर्थिक सुधारों- जन समर्पित नीतियों की ऐतिहासिक यात्राः सीएम सुक्खू
नेतृत्व पर भरोसा, भविष्य पर विश्वासः रजनी पाटिल
हिमाचल सरकार के कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने पर आज मंडी के पड्डल मैदान में भव्य जन संकल्प समारोह आयोजित किया गया। प्रदेश भर से आए हजारों लोगों की अभूतपूर्व उपस्थिति ने इसे उत्सवी माहौल बना दिया। सम्मेलन में राज्य की विकास यात्रा, व्यवस्था परिवर्तन, सुशासन, आर्थिक सुधार, सामाजिक कल्याण और जनता की भागीदारी के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का तेजस्वी व प्रभावक रूप प्रदर्शित हुआ।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अपने सम्बोधन में कहा कि पिछले तीन वर्ष जनता-हित, पारदर्शिता और प्रणालीगत सुधारों के रहे हैं, जिनका उद्देश्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करना, युवाओं को सशक्त बनाना, कमजोर वर्गों को सुरक्षा देना और हिमाचल प्रदेश को समृद्ध, हरित और आत्मनिर्भर राज्य के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की हर योजना का केन्द्र बिन्दु जनता है और हमारा हर निर्णय जनता के विकास, सुुविधा व प्रदेश के भविष्य को ध्यान में रखकर लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन साल में कांग्रेस सरकार ने ऐतिहासिक और क्रांतिकारी निर्णय लिए हैं। हमने चुनाव के समय 10 गारंटियां दी थीं जिनमें से सात को पूरा कर समाज के विभिन्न वर्गों को बड़ी राहत दी है। प्रदेश के 1,36,000 कर्मचारियों से किए गए ओपीएस के वायदे को पहली कैबिनेट बैठक में पूरा किया और सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को सम्मान व आर्थिक सुरक्षा प्रदान की।
ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत पात्र महिलाओं को चरणबद्ध तरीके से सम्मान राशि के रूप में हर महीने 1500 रुपये प्रदान किया जा रहे हैं। वर्तमान में 35,687 महिलाओं को यह लाभ दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं के लिए 680 करोड़ रुपये की राजीव गांधी स्टार्टअप योजना शुरू की है और प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू करने की गारंटी को पूरा किया है। राज्य सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए गाय के दूध पर 51 रुपये और भैंस के दूध पर 61 रुपये प्रति लीटर न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रदान किया है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए 300 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गोबर खरीदने की योजना शुरू की गई है। बागवानों को बेहतर दाम सुनिश्चित करने के लिए यूनिवर्सल कार्टन प्रणाली शुरू की गई है और हिमाचल बागवानी नीति बनाने वाला देश का पहला राज्य बना है।
तीन साल में 23200 युवाओं को दी सरकार ने नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार सृजन के क्षेत्र में प्रदेश सरकार ने निरंतर नई पहल की और अब तक सरकार 23,200 युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है, जबकि पिछली सरकार 5 वर्षों में केवल 20,000 नौकरियां ही दे पाई थी। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार प्रदेश पर 76,185 करोड़ रुपये का कर्ज छोड़कर गई जिसके मूलधन का भुगतान और ब्याज की वापसी हमें करनी पड़ रही है। वर्तमान सरकार को मजबूरी में जो लोन लेना पड़ रहा है उसका 70 प्रतिशत विरासत में मिले कर्ज का मूलधन और ब्याज चुकाने में ही जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर साल 2023 और 2025 के दौरान आई आपदा के लिए राहत राशि न देने के आरोप भी केंद्र सरकार पर लगाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कोई आर्थिक मदद नहीं की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सामाजिक सुरक्षा को विशेष अधिमान दे रही है। सामाजिक सुरक्षा के तहत पिछले 3 वर्षों में 12095 लाभार्थियों को 28 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत 6000 बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के रूप में अपनाया गया है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत प्रदेश में 19,479 विधवा, निराश्रित तथा दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों को प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गुणात्मक शिक्षा पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में वर्तमान सरकार की पहल पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नवीन प्रौद्योगिकी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। चमियाना अस्पताल और टांडा मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी से चिकित्सा क्षेत्र में नए अध्याय की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा मशीनें प्रदान करने पर 3000 करोड़ रुपये खर्च करेगी तथा चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में अनेक सुधार किए जा रहे हैं।
विशेष राजस्व अदालतों में रिकॉर्ड 4.63 लाख मामलों का निपटारा किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा विशेष राजस्व अदालतों में रिकॉर्ड 4,63,000 मामलों का निपटारा किया जा चुका है। पर्यटन क्षेत्र को विस्तार देते हुए प्रदेश सरकार ने विभिन्न परियोजनाओं पर 3000 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बनाई है। जिला कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित किया जा रहा है और देहरा के बनखंडी में 619 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का चिड़ियाघर विकसित किया जा रहा है।
प्रदेश हरित ऊर्जा राज्य बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। प्रदेश में छह ग्रीन कॉरिडोर स्थापित किए गए हैं और प्रदेश सरकार द्वारा 100 करोड़ रुपये की राजीव गांधी वन संवर्धन योजना चलाई जा रही है। सरकार ने उद्योग, ई-वाहन और परिवहन क्षेत्र में भविष्य की ऊर्जा खपत का लगभग 90 प्रतिशत नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों के दोहन से पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
मुख्यमंत्री ने जनता के अटूट विश्वास, समर्थन और सहभागिता के लिए धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाला समय परिवर्तन, प्रगति और पारदर्शी शासन का होगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा, ‘आइये हम सब मिलकर हिमाचल के बेहतर कल के लिए संकल्पित हों।’
रजनी पाटिल ने कांग्रेस सरकार के तीन साल के कार्यों की प्रशंसा की
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने प्रदेश कांग्रेस सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर सरकार के उल्लेखनीय कार्यकाल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास के नए मानक स्थापित किए हैं। सरकार ने सिर्फ घोषणाएं नहीं कीं, बल्कि ज़मीनी स्तर पर काम करते हुए प्रदेश के हर वर्ग के लिए ठोस पहलें की हैं।
रजनी पाटिल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने आपदा और आर्थिक अन्य गंभीर चुनौतियों का सामना करते हुए हिमाचल को एक आत्मनिर्भर, सक्षम और प्रगतिशील राज्य बनाने की दिशा में निर्णायक कदम उठाए हैं।
इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के तीन वर्षों की उपलब्धियां ऐतिहासिक है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह सरकार कागजों पर नहीं, बल्कि जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं पर काम कर रही है और आगामी वर्षों में विकास की यह गति और अधिक तेज होगी।
तीन साल का कार्यकाल उपलब्धियों और क्रांतिकारी बदलावों का स्वर्णिम अध्यायः विनय कुमार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के पिछले तीन वर्ष में उपलब्धियों और क्रांतिकारी बदलावों के स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व में सरकार ने सामाजिक न्याय, आर्थिक प्रगति और समावेशी विकास के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने अपने संबोधन में सरकार के तीन वर्षों के महत्व पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। इस तथ्य पर बल दिया कि इन तीन वर्षों की उपलब्धियां मात्र सांख्यिकीय उपलब्धियां नहीं हैं, बल्कि आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन की साक्षी हैं।
विधायक चन्द्रशेखर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और सम्मेलन में पधारने के लिए आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा सरकार की तीन वर्षों की उपलब्धियों को इंगित करती कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इस दौरान राज्य सरकार की तीन वर्षों की उपलब्धियों एवं भविष्य की प्रमुख योजनाओं को प्रदर्शित करते हुए सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग कृत वृत्तचित्र भी प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, मुख्यमंत्री के मंत्रिमंडल सहयोगी, विधायकगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान, मुख्यमंत्री के सलाहकार, ओएसडी, पार्टी सह प्रभारी विदित चौधरी और चेतन चौहान, पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, पद्मश्री नेक राम शर्मा, विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, पूर्व मंत्री व विधायक, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और गणमान्य उपस्थित थे।
Leave A Comment