Echo

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने प्रदेश कार्यालय का किया शिलान्यास


भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज शिमला के एयरपोर्ट रोड पर डीएवी स्कूल के समीप मजठाई में प्रस्तावित भाजपा प्रदेश कार्यालय का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लगभग 45 मिनट तक चले विधि-विधानपूर्ण शिलान्यास पूजन में भाग लिया तथा तत्पश्चात शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया। कार्यक्रम पांच पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न हुआ। भूमि निरीक्षण के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रस्तावित कार्यालय भवन की रूपरेखा, संरचना और कार्यात्मक आवश्यकताओं का विस्तृत विवरण राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रस्तुत किया। इस पर नड्डा ने भवन की भावी उपयोगिता, संगठनात्मक जरूरतों और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। कलश स्थापना के पश्चात कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। शिलान्यास कार्यक्रम के उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर संवाद भी किया, जिसमें संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन सहित प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, सतपाल सत्ती, सुरेश कश्यप, राजीव भारद्वाज तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साह, भक्ति और संगठनात्मक संकल्प के वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसने हिमाचल प्रदेश में भाजपा संगठन के लिए एक नए और सशक्त अध्याय की नींव रखी।

 

Share:
Share:
Comment
Leave A Comment