हिमाचल की कांग्रेस सरकार सत्ता में रहने लायक नहीं : जेपी नड्डा
एडहॉक सरकार ने हिमाचल में व्यवस्था को पूरी तरह पटरी से उतारा : नड्डा
हिमाचल आगमन पर जेपी नड्डा को धनुष और बाण भेंट किया गया, जिसे भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने 2027 की आने वाली ऐतिहासिक जीत का प्रतीक बताया। नड्डा द्वारा धनुष को ग्रहण करना हिमाचल में निर्णायक और बड़ी राजनीतिक विजय की ओर बढ़ते कदम के रूप में देखा जा रहा है। इस दौरान जेपी नड्डा ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान उन्होंने हिमाचल की जनता से स्पष्ट कहा था कि कांग्रेस को सत्ता में लाने की गलती न करें, क्योंकि हिमाचल के विकास का एकमात्र रास्ता डबल इंजन की सरकार है। कांग्रेस भविष्य की नहीं, केवल सत्ता सुख की राजनीति करती है, इसलिए भाजपा और कांग्रेस की सोच का मेल संभव ही नहीं है।
केंद्र सरकार ने हिमाचल की मदद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी
नड्डा ने हिमाचल प्रदेश को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से सवाल किया कि आखिर केंद्र सरकार ने हिमाचल को क्या कमी छोड़ी है। उन्होंने कहा कि आपदा राहत के लिए केंद्र सरकार ने 3789 करोड़ रुपये दिए, स्मार्ट सिटी के लिए 1000 करोड़ से अधिक की राशि दी, वाइब्रेंट विलेज योजना, मेडिकल कॉलेज, एम्स बिलासपुर, बल्क ड्रग पार्क, फोरलेन परियोजनाएं और बद्दी को फार्मा हब के रूप में विकसित किया। इसके बावजूद कांग्रेस सरकार केंद्र पर झूठे आरोप लगा रही है।
नड्डा ने कहा कि केंद्र ने हिमाचल को 2000 करोड़ से अधिक की विशेष सहायता और 1442 करोड़ रुपये का जायका फंड स्वीकृत किया, लेकिन कांग्रेस सरकार ने कई योजनाओं में केवल 50 प्रतिशत राशि ही खर्च की। उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार जो धन का उपयोग न कर सके, उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल की ट्रेजरी बार-बार बंद हो रही है, पूरी सरकार एडहॉक व्यवस्था पर चल रही है और मुख्यमंत्री व मंत्रियों के बीच तालमेल नहीं है। कांग्रेस सरकार एक भी ठोस परियोजना बनाकर केंद्र के पास नहीं लाई है। नड्डा ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस सरकार कोई भी प्रोजेक्ट बनाकर लाए, केंद्र सरकार उसे तुरंत स्वीकृत करेगी।
अंत में जेपी नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन तथ्यों और सच्चाई को गांव-गांव और कस्बे-कस्बे तक पहुंचाएं, ताकि हिमाचल की जनता कांग्रेस के कुशासन से मुक्त होकर विकास और सुशासन के मार्ग पर आगे बढ़ सके।
कांग्रेस का तीन साल का कार्यकाल ‘खाओ–पीयो–मौज करो’ सरकार : अनुराग ठाकुर
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में बिहार में ऐतिहासिक और बंपर जीत दर्ज हुई है, जो देशभर में भाजपा की नीतियों और सुशासन पर जनता के भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी—विशेष राज्य का दर्जा हो या प्रदेश को चार मेडिकल कॉलेजों की सौगात, यह सब भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस का तीन साल का कार्यकाल ‘खाओ, पीयो और मौज करो’ की सरकार बनकर रह गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में हिमाचल पर कर्ज का बोझ एक लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है, जिससे प्रदेश की आर्थिक स्थिति गंभीर संकट में है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की नीति जनता से खुली लूट की रही है, जिसमें भ्रष्टाचार और अव्यवस्था ही सरकार की पहचान बन गई है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता अब कांग्रेस के इस कुशासन को भली-भांति समझ चुकी है और आने वाले समय में प्रदेश में फिर से भाजपा की सुशासन वाली सरकार स्थापित करने का संकल्प ले चुकी है।
हिमाचल में सरकार उखाड़ फेंकने का संकल्प : डॉ. राजीव बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि बिहार का चुनाव किसी भी दृष्टि से छोटा-मोटा चुनाव नहीं था, बल्कि यह देश की राजनीति की दिशा तय करने वाला एक बड़ा जनादेश था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के सशक्त नेतृत्व में बिहार से कांग्रेस का सूपड़ा साफ होकर आया है। यह परिणाम साफ दर्शाता है कि देश की जनता कांग्रेस की नकारात्मक और विफल राजनीति को पूरी तरह नकार चुकी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने धर्मशाला में भाजपा द्वारा किए गए ऐतिहासिक और प्रचंड प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि इस विशाल जनसैलाब ने कांग्रेस की नींद उड़ा दी है। भाजपा के इस प्रदर्शन की गूंज इतनी तीव्र थी कि कांग्रेस पार्टी ने अपने तथाकथित जश्न का नाम तक बदलने पर मजबूर हो गई। यह स्पष्ट संकेत है कि कांग्रेस स्वयं अपनी विफलताओं को लेकर असहज और भयभीत है।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता ने कांग्रेस की इस जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प ले लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह संघर्ष हिमाचल को फिर से विकास, सुशासन और विश्वास के मार्ग पर लाने के लिए है।
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सहित अन्य नेताओं ने भी रैली को संबोधित किया।
Leave A Comment