अनुराग शर्मा ने सीएम की मौजूदगी में राज्यसभा के लिए नामांकन भरा
कांग्रेस ने राज्यसभा के लिए कांगड़ा से अनुराग शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। अनुराग शर्मा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की मौजूदगी में नामांकन भरा। इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विधानसभा में ही कांग्रेस विधायक दल की बैठक भी ली। इस बैठक में राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर हाईकमान के फैसले से विधायकों को अवगत कराया गया।कांग्रेस हाईकमान ने आज 5 राज्यों में 6 उम्मीदवारों के साथ अनुराग के नाम की भी घोषणा की। अनुराग शर्मा मौजूदा समय में कांगड़ा जिला के कांग्रेस अध्यक्ष हैं। कांग्रेस ने कांगड़ा के युवा नेता अनुराग को टिकट देकर सबको चौंकाया है, क्योंकि अनुराग शर्मा का नाम पहले चर्चा में दूर दूर तक नहीं था।
उधर भाजपा ने हिमाचल से अबकी बार राज्यसभा के लिए कोई भी प्रत्याशी नहीं उतारा। इससे कांग्रेस के उम्मीदवार अनुराग शर्मा का राज्यसभा पहुंचना लगभग तय है। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा 16 मार्च को होगी।
अनुराग शर्मा को राज्यसभा भेजने से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा के लिए कांग्रेस पार्टी द्वारा नामित किए जाने पर कांगड़ा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनुराग शर्मा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह निर्णय न केवल अनुराग शर्मा के लंबे संगठनात्मक अनुभव और समर्पण का सम्मान है, बल्कि यह कांग्रेस पार्टी की उस परंपरा को भी दर्शाता है जिसमें जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया जाता है।
विनय कुमार ने कहा कि अनुराग शर्मा कांग्रेस पार्टी के एक कर्मठ, निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने लंबे समय से संगठन में रहकर पूरी लगन और प्रतिबद्धता के साथ पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने का कार्य किया है। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, संगठनात्मक क्षमता और पार्टी के प्रति ईमानदारी को देखते हुए ही उन्हें जिला कांग्रेस कमेटी कांगड़ा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसे उन्होंने पूरी निष्ठा और कुशल नेतृत्व के साथ निभाया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने एक साधारण कार्यकर्ता को राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाकर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि कांग्रेस पार्टी में समर्पण, मेहनत और संगठन के प्रति निष्ठा का सम्मान किया जाता है। इससे प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल और अधिक मजबूत होगा।
कांग्रेस हाईकमान का जताया आभार
विनय कुमार ने इस निर्णय के लिए कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी, कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल तथा प्रभारी रजनी पाटिल का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके इस निर्णय से प्रदेश के समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान मिला है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अनुराग शर्मा के संसद में पहुंचने से हिमाचल प्रदेश की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती से उठेगी तथा प्रदेश के विकास, युवाओं के भविष्य और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को नई दिशा मिलेगी। अनुराग शर्मा अपने अनुभव, ऊर्जा और समर्पण के साथ पार्टी की विचारधारा को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे तथा प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
Leave A Comment