राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हिमाचल के पांच दिवसीय दौरे पर शिमला पहुंचीं, भव्य स्वागत
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज हिमाचल प्रदेश के पांच दिवसीय दौरे पर शिमला पहुंचीं। शिमला के निकट छराबड़ा स्थित कल्याणी हेलीपैड पर आज उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए राज्य की जनता की ओर से उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह (जिन्हें राष्ट्रपति के दौरे के लिए मंत्री-इन-वेटिंग नामित किया गया है), सांसद सुरेश कुमार कश्यप, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एस.एस. धैय्या सहित राज्य सरकार और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
29 अप्रैल को अटल टनल जाएंगीं राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अगले पांच दिन हिमाचल में रुकेंगी। कल राष्ट्रपति हिमाचल के राज्यपाल द्वारा लोक भवन शिमला में आयोजित भोज (बैंकेट) में शामिल होंगी। इसके बाद 29 अप्रैल को राष्ट्रपति अटल टनल रोहतांग का दौरा करेंगी।वहीं 30 अप्रैल को राष्ट्रपति पालमपुर स्थित चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसी दिन वह राष्ट्रपति निवास मशोबरा में ‘एट होम’ स्वागत समारोह का आयोजन भी करेंगी। हालांकि राष्ट्रपति का पहले दो मई को दिल्ली लौटने का कार्यक्रम था, लेकिन अब वह एक दिन पहले ही दिल्ली लौटेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक मई को वापस दिल्ली लौटने से पहले आर्मी ट्रेनिंग कमांड शिमला का दौरा करेंगी।
Leave A Comment