Echo

सरकार ने संजय गुप्ता को बनाया नियमित मुख्य सचिव




हिमाचल सरकार ने कार्यवाहक मुख्य सचिव संजय गुप्ता को नियमित मुख्य सचिव नियुक्त किया है। सचिव, कार्मिक विभाग ने आज  इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। संजय गुप्ता इसी माह रिटायर होने वाले हैं और रिटायरमेंट से पांच दिन पहले सरकार ने उनको नियमित तौर पर मुख्य सचिव बनाया है।
प्रदेश के आईएएस अफसरों में संजय गुप्ता सबसे वरिष्ठ है। मूल रूप से हरियाणा निवासी  संजय गुप्ता अक्टूबर 2025 से मुख्य सचिव का कार्यभार संभाल रहे हैं। लेकिन अब सरकार ने उनको नियमित मुख्य सचिव नियुक्त किया है।
 
सरकार के इस फैसले पर विपक्षी पार्टी भाजपा ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने कहा कि वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजय गुप्ता को केवल 4-5 दिनों के लिए नियमित मुख्य सचिव नियुक्त करना सरकार की कार्यशैली और प्रशासनिक अस्थिरता को दर्शाता है।
राकेश जमवाल ने कहा कि संजय गुप्ता की नियुक्ति उस समय की गई है जब उनके खिलाफ विभिन्न विवाद और आरोप सार्वजनिक चर्चा का विषय बने हुए हैं। चेस्टर हिल मामले में उन पर गंभीर आरोप लगे हैं तथा इस विषय को लेकर लगातार सवाल उठाए जाते रहे हैं। कार्यवाहक मुख्य सचिव की नियुक्ति को लेकर भी हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। याचिका में यह आरोप लगाए गए हैं कि संजय गुप्ता के खिलाफ पहले से एफआईआर दर्ज हैं और विजिलेंस क्लियरेंस से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए हैं। इसके बावजूद कांग्रेस सरकार ने प्रदेशहित और प्रशासनिक पारदर्शिता की बजाय अपने राजनीतिक एजेंडे को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है और आने वाले समय में कांग्रेस सरकार को इसका जवाब देना पड़ेगा।
 
 
 
 

 

Share:
Share:
Comment
Leave A Comment