Echo

मेडिकल कॉलेज टांडा में कितनी बढ़ेंगी पीजी सीटें? मुख्यमंत्री ने किया बड़ा ऐलान



 
नगरोटा बगवां के विकास में दिवंगत जी.एस. बाली की रही महत्वपूर्ण भूमिका: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां में आयोजित बाल मेले में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए व्यापक स्तर पर सुधार कर रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष लगभग 24 हजार विद्यार्थियों ने निजी स्कूल छोड़कर 150 सीबीएसई पाठ्यक्रम के सरकारी स्कूलों में प्रवेश लिया है, जो सरकारी शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि आगामी दो से चार वर्षों में सरकारी स्कूलों का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और अधिक से अधिक अभिभावक इन विद्यालयों में ही अपने बच्चों को प्रवेश दिलवायेंगे क्योंकि सरकार इन्हें आधुनिक सुविधाओं और उत्कृष्ट शिक्षण व्यवस्था से सुसज्जित कर रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नगरोटा बगवां में 8.56 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मॉडल पुलिस स्टेशन एवं पुलिस आवास, 9.62 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ओल्ड ऐज होम तथा 8.65 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ऑडिटोरियम की आधारशिला भी रखी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रदेश सरकार चिकित्सा महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर (पीजी) सीटों की संख्या बढ़ा रही है। प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों में 330 नई पीजी सीटें बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस निर्णय के डॉ. राजेन्द्र प्रसाद चिकित्सा महाविद्यालय टांडा चिकित्सा महाविद्यालय में ही 100 पीजी सीटों की बढ़ोत्तरी होगी। सरकार के इस कदम से प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।  मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों और अस्पतालों में वर्षों से लंबित आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की कमी को दूर किया जा रहा है।
 
 

भाजपा सरकार के समय में हुए भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच करेगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में हुए कथित भ्रष्टाचार और सरकारी संपत्तियों के मामलों की निष्पक्ष जांच के लिए सरकार आवश्यक कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी मंत्रिमंडल बैठक में इस संबंध में व्हाइट पेपर कमेटी के गठन पर निर्णय लिया जाएगा, ताकि तथ्यों को जनता के सामने लाया जा सके।
इस अवसर पर ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बड़ोह में मिनी सचिवालय खोलने, बड़ोह पुलिस चौकी को पुलिस थाना तथा सेराथाना में हेल्थ सेंटर को स्तरोन्नत कर पीएचसी बनाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत जी.एस. बाली को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए कहा कि प्रदेश, विशेषकर नगरोटा बगवां के सर्वांगीण विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय रहा है। उन्होंने कहा कि मंत्री पद पर रहते हुए जी.एस. बाली ने हिमाचल में फोरलेन सड़कों के निर्माण का मुद्दा सबसे पहले केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया था। नगरोटा बगवां के बुनियादी ढांचे के विकास और क्षेत्र को नई पहचान दिलवाने में उनकी दूरदर्शी सोच और प्रयासों की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह, नगर एवं ग्राम नियोजन (टीसीपी), आवास, तकनीकी शिक्षा, वोकेशनल एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी, आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविन्द्र गोमा, उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक संजय रत्न और मलेन्द्र राजन, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, पूर्व विधायक सुरेन्द्र काकू, राकेश कालिया, जगजीवन पाल, कांग्रेस के सह प्रभारी चेतन चौहान, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा और बड़ी संख्या में स्थानीय जनता उपस्थित थीं।



Share:
Share:
Comment
Leave A Comment