Echo

स्पोर्ट्स, फिटनेस एवं इंफ्रास्ट्रक्चर एक्सपो-2026 पहुंचे मुख्यमंत्री सुक्खू



मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित स्पोर्ट्स, फिटनेस एवं इंफ्रास्ट्रक्चर एक्सपो-2026 का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राज्यों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों द्वारा लगाए गए पवेलियनों का अवलोकन किया तथा विभिन्न स्टॉलों पर मौजूद प्रतिनिधियों से उपयोगी और जानकारीपूर्ण संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन नीति-निर्माताओं, खिलाड़ियों, खेल प्रशासकों, उद्योगपतियों, उद्यमियों और निवेशकों को एक साझा मंच उपलब्ध कराते हैं। इससे नए विचारों के आदान-प्रदान के साथ सहयोग की संभावनाएं भी बढ़ती हैं। उन्होंने कहा कि यह एक्सपो भारत के खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ऐसे आयोजन खेल अवसंरचना, फिटनेस और नवाचार को बढ़ावा देने के साथ-साथ निवेश और साझेदारी के नए अवसर भी सृजित करते हैं, जो एक सशक्त और स्वस्थ भारत के निर्माण में सहायक होंगे।

इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, विधायक सुंदर सिंह ठाकुर तथा सांसद अनुराग शर्मा भी मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित रहे।

Share:
Share:
Comment
Leave A Comment