पीएम श्री स्कूल टूटू में दो दिवसीय राज्य स्तरीय पीएम श्री बाल मेला शुरू
हिमाचल प्रदेश के पीएम श्री स्कूलों का दो दिवसीय राज्यस्तरीय बाल मेला पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, टूटू में शुरू हुआ। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बाल मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें करीब 337 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने प्रतिभागी विद्यार्थियों को बाल मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस आयोजन से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि देश के भविष्य यानी बच्चों के निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यदि शिक्षक पूरे जुनून और समर्पण के साथ कार्य करें, तो उसके सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। साक्षरता के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश ने पूर्ण साक्षर राज्य होने की उपलब्धि हासिल की है। आज हिमाचल 99.50 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ देश में गोवा के बाद दूसरे स्थान पर है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल सरकार ने मजबूत इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए कई बड़े फैसले लिए हैं। इनका सकारात्मक प्रभाव विद्यार्थियों के सीखने के स्तर पर भी देखने को मिला है। हिमाचल एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा है। PARAKH सर्वेक्षण-2024, PGI और ASER जैसे राष्ट्रीय मूल्यांकनों में बेहतर प्रदर्शन के साथ प्रदेश ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत की है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है और सरकार शिक्षा सुधारों की प्रक्रिया आगे भी जारी रखेगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि कठिन वित्तीय परिस्थितियों के बावजूद मुख्यमंत्री और पूरी कैबिनेट ने शिक्षा क्षेत्र के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाया है। हिमाचल सरकार शिक्षा को प्राथमिकता दे रही है और अपने कुल बजट का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा शिक्षा पर खर्च कर रही है। उन्होंने बाल मेले के सफल आयोजन के लिए पीएम श्री स्कूल टूटू की प्रधानाचार्य डॉ. रश्मि राणा और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस स्कूल ने कई नवाचार किए हैं और यह प्रदेश के अन्य स्कूलों के लिए भी एक मॉडल साबित हो सकता है।\
इससे पहले शिक्षा मंत्री ने स्कूल की आधिकारिक वेबसाइट का भी शुभारंभ किया। इस वेबसाइट पर स्कूल की विभिन्न गतिविधियों के साथ-साथ वित्तीय लेन-देन का विवरण भी उपलब्ध रहेगा।
सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सुधारात्मक कदम उठाए- आशीष कोहली
स्कूली शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और शिक्षा मंत्री के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग ने कई महत्वपूर्ण सुधारात्मक कदम उठाए हैं। सरकार ने कंपोजिट और क्लस्टर सिस्टम लागू किया है, जिससे प्राथमिक से लेकर जमा दो तक के विद्यार्थी संसाधनों को साझा कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने स्कूली शिक्षा निदेशालय का गठन कर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसके अलावा, सरकार ने 150 स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया है और वहां पर्याप्त शिक्षक भी उपलब्ध करवाए हैं। इसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. रश्मि राणा ने शिक्षा मंत्री के समक्ष स्कूल के बुनियादी ढांचे के विस्तार और स्कूल को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग रखी। इस मौके पर डिप्टी डायरेक्टर (उच्च शिक्षा) लेखराज भारद्वाज, डिप्टी डायरेक्टर (प्रारंभिक शिक्षा) निशा भलूनी, समग्र शिक्षा की बाल मेला समन्वयक सुनीता शर्मा, पीएम श्री समन्वयक अंजना भारद्वाज सहित DIET के प्रतिनिधि और प्रतिभागी पीएम श्री स्कूलों के शिक्षक उपस्थित रहे।
बाल मेले में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन
बाल मेले के दौरान विद्यार्थियों के लिए तीन वर्गों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। प्राथमिक वर्ग (कक्षा पहली से पांचवीं) में म्यूजिकल चेयर, स्पून रेस, प्रश्नोत्तरी, कहानी सुनाना, फैंसी ड्रेस, एकल नृत्य तथा लोक एवं भक्ति गीत प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
इसी प्रकार, मिडिल वर्ग (कक्षा छठी से आठवीं) में भाषण, एकल गायन, देशभक्ति समूह गान, एकल नृत्य, शतरंज, प्रश्नोत्तरी तथा चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
वहीं, माध्यमिक एवं वरिष्ठ माध्यमिक वर्ग (कक्षा नौवीं से बारहवीं) में वाद-विवाद, एकल गायन, समूह नृत्य, नाटक तथा विज्ञान संबंधी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
Leave A Comment