राज्य विद्युत नियामक आयोग के चेयरमैन की नियुक्ति प्रक्रिया रद्द
हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य विद्युत नियामक आयोग के चेयरमैन की नियुक्ति प्रक्रिया रद्द कर दी है। सरकार ने इस पद के लिए बीते अगस्त माह में चयन प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन अंतिम चरण में इसे रोक दिया गया।
हिमाचल सरकार ने 14 अगस्त को चेयरमैन पद के लिए विज्ञापन जारी किया था और 30 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इस पद के लिए पूर्व मुख्य सचिव रामसुभग सिंह, तत्कालीन मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना और हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष संजय गुप्ता दावेदार थे।
इस बीच, मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्ति के बाद सरकार ने प्रबोध सक्सेना को हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। वहीं, संजय गुप्ता को प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का चेयरमैन बना दिया गया है।
इसी दौरान बुधवार को सरकार ने राज्य विद्युत नियामक आयोग के चेयरमैन की चयन प्रक्रिया को रद्द करने का निर्णय ले लिया। नियमों के अनुसार चेयरमैन पद के चयन के लिए बनी समिति में हाईकोर्ट के सिटिंग या रिटायर्ड जज, मुख्य सचिव और केंद्रीय विद्युत नियामक आयोग (CERC) के अध्यक्ष अथवा उनके नामित सदस्य शामिल हो सकते हैं। सरकार की ओर से प्रक्रिया रद्द किए जाने के बाद अब इस पद के लिए नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
Leave A Comment